गुलरिहा इलाके के कई युवकों से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये लेकर एजेंट फरार हो गया। जानकारी होने पर युवकों ने गुलरिहा थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने एजेंट व खजनी निवासी कर्मबीर और उसके भाई सुभाष पर जालसाजी के आरोप में केस दर्ज किया है।
गुलरिहा के रसूलपुर झुंगिया निवासी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खजनी के छताई निवासी कर्मबीर सिंह एजेंट है। उसने पीड़ितों को बताया था कि रोजगार के सिलसिले में वह लोगों को विदेश भेजता है। आरोप है कि अपने भाई के साथ मिलकर उसने कुवैत भेजने और वहां एक कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए। साथ ही शहर के एक सेंटर से मेडिकल जांच कराने के बाद करारपत्र भी दिया।
उसके बाद उसने न टिकट दिया और न ही बीजा। योगेंद्र ने तहरीर में बताया कि कर्मबीर ने इलाके के बाल्मीकि सिंह, नरसिंह, प्रकाश, ओम प्रकाश, संतोष, दीपचंद, धर्मपाल, सजीवन सहित 24 लोगों से रकम ली है। किसी से 45 तो किसी से 70 हजार रुपये के हिसाब से करीब दस लाख रुपये लेकर वह फरार है। आरोप है कि दिल्ली जाने की बात कह वह विदेश चला गया। उसके बाद युवक रकम वापस लेने के लिए एजेंट के घर का चक्कर लगाने लगे। फिर उसके भाई ने धमकी दी है।