गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र के गिरधरगंज एम्स के पास स्थित महादेव मार्ट शॉपिंग कांप्लेक्स में शनिवार देर रात आग लग गई। कांप्लेक्स स्थित सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में रखा करीब 5 लाख का सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी।
जानकारी के मुताबिक, गिरधरगंज स्थित महादेव मार्ट नामक शॉपिंग कांप्लेक्स है। इसी में राजेंद्र गुप्ता की वैष्णवी शृंगार नाम से दुकान है। दुकान मालिक राजेंद्र गुप्ता रात 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब 11 बजे कांप्लेक्स से धुआं उठता देख लोग पहुंचे। अंदर गए तो देखा कि दुकान में आग लगी है।
स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। वहीं, स्थानीय चौकी इंचार्ज अंजनी यादव, पार्षद प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह व स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान दमकल की गाड़ियां भी आ गईं।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान मालिक राजेंद्र ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी। करीब 5 लाख रुपये का सामान जल गया है।