गोरखपुर में मारपीट के मामले में केस दर्ज कर धारा बढ़ाने की धमकी देकर पीड़ित से 25 हजार रूपये वसूलने के मामले में दरोगा अखिल कुमार सिंह और सिपाही आकाश कुमार सिंह पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज कर लिया गया है। ट्विटर पर आई शिकायत के बाद एसएसपी ने पूरे मामले की जांच एसपी नार्थ को सौंपी थी।
मंगलवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज करने का आदेश दिया। एसएसपी के आदेश पर पिपराइच पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित की तहरीर पर हाल के दिनों में पुलिस पर हुई यह दूसरी कार्रवाई है। इसके पहले खोराबार थाने में एक दुकानदार से मारपीट करने के मामले पर एसएसपी डॉ विपिन ताडा के आदेश पर पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज किया गया था। जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाने के ग्राम मौलाखोर निवासी शशि कुमार पुत्र विपिन कुमार ने एसएसपी गोरखपुर को ट्वीट करके बताया था कि 25 जून को गांव के कुछ लोगों ने उनके घरवालों से मारपीट की।
इसमें उनके पिता सहित घर के कई लोगों को चोटें आईं। उनके पिता विपिन कुमार ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी। पुलिस आई और दोनों पक्ष के लोगों को पकड़कर थाने ले गई। थाने में तैनात दरोगा अतुल कुमार सिंह ने उनके ही परिवार पर मुकदमा दर्ज कर दिया। साथ ही यह भी कहा कि शीघ्र 25 हजार रुपये की व्यवस्था करो, नहीं गंभीर धाराओं में फंसाकर जीवन खराब कर देंगे।
पीड़ित ने किसी तरह से एक व्यक्ति के माध्यम से 25 हजार रुपये का प्रबंध करने के लिए कहा। शशि ने बताया कि उसने रुपये का प्रबंध कराया तो पुलिस ने उसे छोड़ दिया, जबकि उसके पिता का शांतिभंग में चालान कर दिया। आरोप है कि दारोगा अतुल सिंह के साथ थाने का सिपाही आकाश सिंह भी शामिल रहा। शिकायत आने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच का आदेश दिया था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने कार्रवाई कर दी।
ट्विटर पर शिकायत आने के बाद एसपी नार्थ को जांच सौंपी गई थी। मंगलवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर भ्रष्टाचार का केस पिपराइच थाने में दर्ज किया गया है। पीड़ित का कोर्ट में बयान दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डा.विपिन कुमार ताडा,एसएसपी