इन जगहों पर अभी चल रहा है काम
गोरखपुर शहर के प्रमुख हिस्सा कूड़ाघाट के गुरुंग तिराहे से इंजीनियरिंग कॉलेज तक फोरलेन का काम अधूरा है। इस पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 500 मीटर अब भी बाकी है। विभाग के जिम्मेदार कह रहे हैं कि जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसी प्रकार इस फोरलेन पर तीन पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। तीनों पुल नालों पर बनाए जा रहे हैं। कड़जहां के पास बन रहे पुल का आधा हिस्सा बन गया है। एक तरफ से वाहन आ-जा रहे हैं।
विभाग का दावा है कि जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। दूसरा पुल चौरीचौरा के पास तुर्रा नाले पर बन रहा है। इसका पिलर तैयार हो गया है। स्लैब पड़ना है। मई में स्लैब डालने का दावा किया जा रहा है। तीसरा पुल चौरीचौरा के आगे मझने नाले पर बन रहा है। इसे भी 30 जून तक तैयार करने का दावा किया जा रहा है।
लोक निर्माण निर्माण खंड भवन अधिशासी अभियंता केशवलाल ने कहा कि गोरखपुर-देवरिया बाईपास के निर्माण में विलंब हुआ है, लेकिन काम अंतिम दौर में है। सड़क का कार्य लगभग पूरा हो गया है। नाले का काम चल रहा है। बहुत जल्द पूरा हो जाएगा। पुल की वजह से फोरलेन का काम पूरा नहीं हुआ, लेकिन 30 जून तक पूरा काम पूरा हो जाएगा।