एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया नंबर-1 के मोहनापुर इलाके में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) बनाया जाएगा। करीब 2.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सीएफसी को डीएम की अध्यक्षता में बनी जिला स्तरीय कमेटी की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही स्वीकृति के लिए इसे राज्य स्तरीय कमेटी के पास भेजा जाएगा।
टेराकोटा शिल्पकार ब्रह्मा प्रजापति के नेतृत्व में 23 अन्य शिल्पियों ने 'टेराकोटा ट्रेडमो सोसाइटी' गठित कर कॉमन फैसिलिटी सेंटर का प्रस्ताव तैयार किया है। योजना के अनुसार सोसाइटी को सीएफसी के लिए जमीन के अलावा प्रोजेक्ट की कुल लागत की 10 प्रतिशत राशि निवेश करनी है। बाकी रकम ओडीओपी योजना के तहत प्रदेश सरकार उपलब्ध कराएगी। यहां करीब पांच सौ लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।