गोरखपुर जिले में क्रियाशील 241 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) की मदद से भी जिला स्तरीय टेलीमेडिसिन की सेवा का लाभ लिया जा सकेगा। इसका लाभ लेने के लिए मरीज को अपने निकटतम एचडब्ल्यूसी पर जाना होगा और वहां मौजूद कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) को समस्या बतानी होगी।
सीएचओ मरीज को टेलीमेडिसिन सेंटर में मौजूद चिकित्सक से परामर्श दिलवाने में मदद करेंगे। साथ ही निकटतम सेंटर पर निशुल्क दवा भी दी जाएगी। बुधवार को इस सेवा का शुभारंभ सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने किय।
टेलीमेडिसिन सेवा के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी डॉ. नंद कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक डॉ. मिथिलेश, डॉ. स्वीटी और डॉ. ऋतु की टीम टेलीमेडिसिन सेंटर में सक्रिय रहेंगी। ये लोग विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श के लिए जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजेश की निगरानी में काम करेंगे।
एचडब्ल्यूसी पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) मरीजों की बीपी, शुगर, हृदय रोग, मानसिक रोग समेत कई प्रकार के गैर संचारी रोगों और बुखार आदि के मामलों की जांच करेंगे। दिक्कत होने पर विशेषज्ञों से संपर्क कराएंगे। इसके लिए कोई भी मरीज स्थानीय आशा व एएनएम की मदद के जरिए एचडब्ल्यूसी पर संपर्क कर सकता है।
सीएमओ ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को इस सेवा का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे की अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। इसका उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का है।