उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2021 छह अगस्त को मंडल के 77 केंद्रों पर होगी। कुल 32500 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिसमें गोरखपुर के 21,589 शामिल हैं।
परीक्षा को शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए जिले के 49 केंद्रों के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों की तैयारी बैठक दीक्षा भवन में हुई। बैठक में नोडल उप समन्वयक व प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। नोडल समन्वयक प्रो. सुषमा पांडेय ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर थर्मल स्कैनर एवं सैनिटाइजर की सुविधा के लिए विशेष धनराशि दी जा रही है।
साथ ही प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए कोरोना किट भी उपलब्ध कराया गया है। प्रो. पांडेय ने बताया कि गोरखपुर के 49 परीक्षा केंद्रों पर कुल 21,589 अभ्यर्थी, कुशीनगर के 10 परीक्षा केंद्रों पर 4400 तथा देवरिया के 18 परीक्षा केंद्रों पर 6640 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों के सभी कमरों की वेबकास्टिंग के प्रबंध किए गए हैं। इसकी निगरानी लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा की जाएगी। प्रो. पांडेय ने कहा कि सभी अभ्यर्थी अपना प्रवेश डाउनलोड कर लें तथा उस पर अंकित सभी निर्देशों का अध्ययन कर लें।