गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहारों और विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम विजय किरन आनंद और एसएसपी विपिन ताडा को निर्देश दिए कि त्योहारों में खलल डालने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। उन्होंने कहा कि दिवाली-छठ पर्व की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और ध्यान दिया जाए कि किसी को दिक्कत न हो।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर में जलभराव एवं बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बनाई जा रही कार्ययोजना की भी प्रगति जानी। शहर में जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था बनाने में योगदान करें। उन्होंने निर्माणाधीन नालों की प्रगति पूछी और गोड़धोइया नाले के निर्माण के लिए पत्र शासन को भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए बनाई जा रही कार्ययोजना पर भी चर्चा की। डीएम ने अब तक हुए प्रयासों के बारे में विस्तार से मुख्मयंत्री को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पंपिंग स्टेशनों का निर्माण एवं मरम्मत पूरा कर लिया जाए। इस पर अफसरों ने बताया कि रिजर्व वायर भी बनाए जाएंगे, जिससे पंप के सहारे उसमें एकत्र पानी को नदी की ओर डाला जा सके।
शहर से नदियों में मिलने वाले नालों को टैप करने के कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे तेज करने को कहा। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, गोरखपुर विकास प्राधिकरण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग नवंबर तक यह काम पूरा कर लें।
उन्होंने सड़कों के किनारे ग्रीन बेल्ट के बारे में जानकारी लेते हुए वृक्षों की सुरक्षा पर ध्यान देने का निर्देश दिया। डीएम ने एम्स एवं खाद कारखाना के निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।