फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर में बोले सीएम योगी: नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ व विकास योजनाओं में डकैती डालते थे सपाई

Wed, 02 Mar 2022 10:48 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

पिपराइच की जनसभा में मुख्यमंत्री ने साधा सपा व बसपा पर निशाना। बोले, बुलडोजर सड़क भी बना रहा, साथ ही अपराधी, माफिया की अवैध कमाई के पैसे से सरकारी खजाना भर रहा।
विज्ञापन
गोरखपुर में सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा हर नागरिक को सुरक्षा, विकास और शासन की योजनाओं से जोड़ने वाली पार्टी है। सपा के लोग, नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और विकास की योजनाओं में डकैती डालते थे। गरीबों का राशन तक हड़प जाते थे। सपा सरकार में बिजली की भी जाति और मजहब हुआ करती थी। चेहरा देखकर बिजली दी जाती थी। हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबको पर्याप्त और निर्बाध बिजली दे रही है। हमारा बुलडोजर सड़क भी बना रहा है। साथ ही पेशेवर अपराधियों और माफिया की अवैध कमाई के पैसे से सरकार का खजाना भी भर रहा है।

विज्ञापन


यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह मंगलवार को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी व विधायक महेंद्र पाल सिंह के समर्थन में जनसभा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव विकास और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर हो रहा है। हर गरीब को मकान, शौचालय, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों को पेंशन और उपचार की सभी सुविधा दे रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। इससे पूरी पीढ़ी का उद्धार हो गया। यह मामला पिछले 500 सालों से लटका था। सपा, बसपा या कांग्रेस मंदिर का निर्माण कभी नहीं करातीं। भाजपा सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है। पिछले पांच साल में पांच लाख सरकारी नौकरी दी गई है। दो करोड़ युवाओं को रोजगार के साथ जोड़ा गया है।
विज्ञापन


सुरक्षा की गारंटी दी है। पर्व और त्योहार शांति से मनाए जा रहे हैं। कोरोना की चुनौती के बीच डबल इंजन की सरकार प्रतिमाह दो बार निशुल्क राशन के साथ दाल, तेल और नमक भी दे रही है। 2017 से पहले गरीबों का राशन सपा- बसपा के नेता हड़प लेते थे। हमने यह तय किया है कि चुनाव परिणाम आने के बाद हर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी को होली और दिवाली पर एक- एक निशुल्क सिलिंडर, 60 साल के ऊपर की महिलाओं को रोडवेज की बस में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। बेटी के विवाह के लिए दी जाने वाली 51 हजार की कन्यादान राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा। हर परिवार के एक युवा को सरकारी नौकरी या रोजगार से जोड़ेंगे।

इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी महेंद्र पाल सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, श्याम सुंदर निषाद, रामनरेश निषाद, लालजी गुप्ता, रवींद्र निषाद, जितेंद्र जायसवाल, वरूण जी चौरसिया व सुग्रीव निषाद मौजूद रहे।

बुलडोजर भी खड़ा किया

जनसभास्थल पर बुलडोजर भी खड़े किए गए। इसपर कार्यकर्ता भाजपा के झंडे के साथ देखे गए। सब कहते मिले कि 10 मार्च को मतगणना होगी। भाजपा जीतेगी। दोबारा योगी सरकार बनेगी। अपराधी व माफिया के अवैैध संपत्तियों पर फिर बुलडोजर चलेगा। बुलडोजर के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।

 

विज्ञापन

बुलडोजर में लगवाया माफिया चिह्नित करने का यंत्र : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उन्होंने बुलडोजर में माफिया को चिह्नित करने वाला यंत्र लगवाया है। कहा कि यह ऐसा बुलडोजर है जो सड़क भी बनाता है और माफिया को भी चिह्नित करता है। फिर पुलिस और प्रशासनिक अफसर बुलडोजर की मदद से माफिया की संपत्ति को ध्वस्त करते हैं।

मुख्यमंत्री योगी मंगलवार शाम सहजनवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला के समर्थन में जनसभा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता ने पिछली तीन सरकारों की कार्यशैली देखी है। सपा सरकार विकास नहीं करा रही थी। सड़क, बिजली, राशन और अच्छे स्कूल खोलने की जगह सहजनवां में बूचड़खाना बना रही थी। इसके खिलाफ आंदोलन किया गया।

इसी का नतीजा रहा कि बूचड़खाना नहीं खुल सका। भाजपा सरकार बनी तो सभी अवैध बूचड़खाने बंद कर दिए गए। भाजपा सरकार ने तय किया कि गोमाता को कटने नहीं देंगे। किसानों की फसलें भी बर्बाद नहीं होने देंगे। सरकार सहजनवां में ही श्रमिकों और अनाथ बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोल रही है। सहजनवां को दो-दो फोरलेन से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही वाराणसी की दूरी दो घंटे में पूरी की जा सकेगी। सहजनवां बाजार में दुर्घटना की समस्या का समाधान भी निकाला जाएगा।

भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पांच चरणों में 283 विधानसभा सीटों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इतने चुनाव के बाद कह सकता हूं कि भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे जा चुकी है। छठवें और सातवें चरण में जोरदार छक्का लगाकर 300 पार के लक्ष्य को पार करना है। हर बूथ जीतना है। मतदाता घर से निकलें और निश्चित मतदान करें। पहले मतदान, फिर जलपान करना है।

पेंशन की राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये सालाना करने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने वृद्धजनों की पेंशन रोक दी थी। हमने वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवाओं की पेंशन बहाल की। पेंशन बढ़ाकर दिया है। एक करोड़ लोगों को सालाना 12 हजार रुपये दे रहे हैं। इस बार पेंशन राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये सालाना करने का संकल्प लिया है। इस मौके पर प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पूर्व विधायक जीएम सिंह, वरिष्ठ नेता रमेश सिंह, डॉ. संजयन त्रिपाठी, रामजियावन मौर्या, अश्विनी त्रिपाठी मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें