संपर्क फाउंडेशन के संस्थापक व प्रबंध निदेशक विनीत नायर ने कहा कि सीएम योगी ने शिक्षा को शासन के एजेंडा के केंद्र में रखा है और इसका बेहतरीन परिणाम भी आ रहा है। ऑडियो बॉक्स में बनाया गया लर्निंग किट, उच्चारण के लिए मोबाइल डिवाइस किट और संपर्क टीवी नवाचार का हिस्सा है। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा दीपक कुमार ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प से विद्यालयों में हर प्रकार के संसाधन उपलब्ध हुए। कायाकल्प ऑपरेशन की सराहना नीति आयोग ने भी की और अन्य राज्यों के लिए इसे मॉडल के रूप में बताया है।
सीएम योगी ने कहा कि पहले बेसिक स्कूलों के बच्चे नंगे पांव जाते थे, उनके पास यूनिफॉर्म नहीं था। आज सरकार उन्हें सभी सुविधाएं दे रही है। उन्हें दो यूनिफॉर्म, जाड़े में स्वेटर, जूते, बैग दिए जा रहे हैं। जीडीए और नगर निगम भी स्कूलों को स्मार्ट बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों को भी चाहिए कि वे अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाएं और वहां के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराएं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में टेक्नोलॉजी की महत्ता पर चर्चा करते हुए कहा कि टेक्नोलॉजी के बेहतर उपयोग से शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता तेजी से बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया की जो प्रेरणा दी, उसके इस्तेमाल से कोरोना काल में बच्चों की शिक्षा में रुकावट नहीं आने दी गई। इस दौरान सीएम ने संपर्क फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की।
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि आज बच्चों को तकनीकी आधारित खेल-खेल में शिक्षा देने और उन्हें रचनात्मकता से जोड़ने की जरूरत है। स्मार्ट स्कूल-स्मार्ट ब्लॉक कार्यक्रम शुरू करने के लिए उन्होंने संपर्क फाउंडेशन का आभार जताया।
स्टॉलों का अवलोकन कर सीएम ने किया उत्साहवर्धन
सीएम योगी ने कार्यक्रम स्थल पर बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से लगाए गए निपुण भारत मिशन व संपर्क फाउंडेशन के स्टॉलों का अवलोकन किया। यहां मौजूद बेसिक स्कूलों के बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की। उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उत्साहवर्धन करते हुए खूब पढ़ने को प्रेरित किया। निपुण भारत मिशन की गतिविधियों और संपर्क फाउंडेशन के कार्यों के बारे में जानकारी ली और शिक्षण में हो रहे नवाचारों की सराहना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक श्रीराम चौहान, फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।