सीएम योगी आदित्यनाथ ने 101 पीएनजी कनेक्शन, आठ सीएनजी स्टेशन और एक सिटी गेट स्टेशन का लोकार्पण किया। इस दौरान टोरेंट गैस ने मुख्यमंत्री योगी को 13 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट भेंट किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर वासियों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सौगात दी। सस्ती, सुरक्षित घरेलू गैस की सुविधा के साथ गोरखपुर पीएनजी सुविधा देने वाले देश के चुनिंदा महानगरों में शामिल हो गया। खानिमपुर स्थित टोरेंट गैस के सिटी गेट स्टेशन पर सीएम ने पांच गृहिणियों को पीएनजी कनेक्शन का प्रमाणपत्र दिया। ऑटो में सीएनजी गैस डाल कर उन्होंने सीएनजी स्टेशन का उद्घाटन किया। कंपनी की ओर से मुख्यमंत्री को 13 प्रेशर स्विंग एडर्साप्शन (पीएसए) ऑक्सीजन प्लांट भेंट किए गए।
विज्ञापन
पीएनजी आपूर्ति सेवा का आरंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह गैस सिलिंडर का सस्ता और सुरक्षित विकल्प है। सिलिंडर भरवाने के लिए भागदौड़ खत्म हो जाएगी। अब पानी की तरह घरेलू गैस भी पाइप के जरिए घर-घर पहुंचेगी। एक माह का बिल भी चार साढ़े चार सौ रुपये आएगा, जो सिलिंडर के मुकाबले काफी कम है। सिलिंडर की तरह गैस चोरी की शिकायत नहीं रहेगी। जितना खर्च होगा, उतना बिल आएगा। कोई भी मौसम हो, रसोई गैस की किल्लत नहीं होगी। मार्च 2022 तक गोरखपुर में दस हजार पीएनजी कनेक्शन बांटे जाने का लक्ष्य है। पांच गृहिणियों को कनेक्शन का प्रमाणपत्र देने के साथ ही बटन दबाकर उन्होंने 101 पीएनजी उपभोक्ताओं की पीएनजी गैस आपूर्ति का शुभारंभ किया।
ऑक्सीजन में आत्मनिर्भर बन रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टोरेंट गैस की ओर से प्रदेश को दिए गए 13 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 547 ऑक्सीजन प्लांट लगाने का लक्ष्य है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 127 और टोरेंट गैस कंपनी ने 13 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट उपलब्ध कराए। बाकी ऑक्सीजन प्लांट प्रदेश सरकार की ओर से लगाए जा रहे हैं। अभी तक 490 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा चुके हैं। इसके साथ प्रदेश ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में पूरी दुनिया ने ऑक्सीजन के भीषण संकट का सामना किया था। टोरेंट जैसी संस्थाओं ने उस समय पांच करोड़ रुपये और ऑक्सीजन प्लांट देकर चिकित्सकीय संसाधनों की व्यवस्था कराने में योगदान दिया। कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी की शिकायतें आ रही थीं। अब प्लांट के जरिये वातावरण से ही ऑक्सीजन अलग कर उसकी सप्लाई हो जाने से ऐसी समस्याओं का समाधान हो गया है।
साकार हो रही पीएम मोदी की स्वच्छ ईंधन की परिकल्पना: मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने कहा कि सीएनजी और पीएनजी के माध्यम से पीएम मोदी की स्वच्छ ईंधन की परिकल्पना साकार हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने पहले लोगों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिया, अब उनकी प्रेरणा से रसोई गैस का स्वच्छ, सुरक्षित और सस्ता विकल्प मिल रहा है। साथ ही सीएनजी के रूप में डीजल-पेट्रोल का नया, सस्ता और स्वच्छ विकल्प मिला है।
मंच पर बैठे सांसद-विधायकों की चुटकी ली
पीएनजी का फायदा बताने के दौरान सीएम हास्य विनोद के मूड में दिखे। उन्होंने कहा, गैस सिलिंडर को सांसद रवि किशन तो सिर पर ढो कर ला सकते हैं, लेकिन वयोवृद्ध शीतल बाबा (सहजनवां विधायक) कैसे ले जाएंगे। या सीताराम जी (महापौर) सिर पर कैसे ढो पाएंगे। सीएम की इन बातों से कार्यक्रम में हंसी का फव्वारा फूट पड़ा। दरअसल, सीएम यह समझा रहे थे कि पीएनजी होने से रसोई गैस सिलिंडर ढोने से मुक्ति मिल जाएगी।
यूपी को तेजी से आगे बढ़ा रहे सीएम योगी: रविकिशन
गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ला ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर समेत पूरा यूपी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सपने में भी नहीं सोचा था कि यूपी में पाइप से रसोई गैस घर तक मिलेगी। सीएम की इस पहल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रसन्न होंगे, क्योंकि पीएनजी से प्रदूषण कम होगा। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, महापौर सीताराम जायसवाल, क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्ला, सहजनवां के विधायक शीतल पांडेय, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, बांसगांव के विधायक डॉ. विमलेश पासवान, आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, सीडीओ इंद्रजीत सिंह, पिपरौली ब्लॉक प्रमुख दिलीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनोज शुक्ला, टोरेंट गैस के कार्यकारी निदेशक नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
2026 तक यूपी में 3300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी टोरेंट गैस: निदेशक
टोरेंट गैस के निदेशक जिनल मेहता ने मुख्यमंत्री योगी के गतिशील नेतृत्व में राज्य सरकार के समावेशी विकास के दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि टोरेंट गैस की योजना यूपी में 2026 तक 3300 करोड़ रुपये के निवेश की है। इसमें से करीब 1800 करोड़ रुपये गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में खर्च किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश में इस निवेश से 3000 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि कंपनी प्रदेश के 15 जिलों में अपने प्रतिबद्ध कार्य से विकास में योगदान दे रही है। टोरेंट का लक्ष्य यूपी में 8.26 लाख से अधिक घरों तक पीएनजी आपूर्ति का है। गोरखपुर समेत चार जिलों में पीएनजी आपूर्ति शुरू हो गई है। आने वाले महीनों में 11 जिलों में आपूर्ति प्रारंभ हो जाएगी।