मुख्यमंत्री योगी ने एनेक्सी भवन में मेयर और नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक की।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बृहस्पतिवार को एनेक्सी भवन में मेयर और नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक की। इस दौरान साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। कहा कि साफ पानी, स्वच्छता, सेनेटाइजेशन से ही कोरोना से जंग जीती जा सकती है।
करीब एक घंटे तक चली बैठक के दौरान सबसे पहले मेयर सीताराम जायसवाल ने कोरोना काल में नगर निगम की ओर से किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी दी। बताया निगम प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमितों के दाह संस्कार की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
पार्षदों के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने ग्राउंड पर असली जंग लड़ी है। मेयर ने कान्हा उपवन में क्षमता से अधिक गोवंश होने की जानकारी देते हुए इन्हें महराजगंज में मधवलिया गोसदन भेजने का प्रस्ताव रखा। सीएम ने कहा कि 125 साल बाद महापौर सीताराम जायसवाल के प्रस्ताव पर नया सदन हाल बन रहा है।
सीएम ने पूछा, कोरोना काल में व्यापारियों ने क्या किया
मनोनीत पार्षद व व्यापारियों से मुख्यमंत्री ने पूछा कि कोरोना काल में व्यापारियों ने क्या किया? व्यापारी नेता और मनोनीत पार्षद मदन गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों की ओर से जरूरतमंदों को राशन, भोजन के साथ सेनेटाइजर उपलब्ध कराया गया। इसके बाद सीएम ने हल्के अंदाज में पूछा, जवाहर कसौधन नहीं थे क्या? इस पर मदन गुप्ता खामोश हो गए।
इस दौरान मेयर ने कुछ कहा, जिसपर सभी लोग हंस पड़े। पार्षदों की तरफ से आलोक सिंह विशेन ने बताया कि शाहपुर पीएचसी को गोद लिया है। जिसकी सफाई के साथ रंगाई कराने का कार्यक्रम है। सीएम ने कहा कि रंगाई का काम विभाग देखेगा, आप लोग सिर्फ सफाई व्यवस्था देखें। प्रत्येक सप्ताह व्यवस्था का जायजा लें।
कार्यक्रम का संचालन उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने किया। इस दौरान अजय राय, मनु जायसवाल, राजेश तिवारी, राजेन्द्र कुमार तिवारी, रामभुआल कुशवाहा, अभिषेक कुमार निषाद, चन्द्रशेंखर सिह, बब्लू प्रसाद गुप्ता ‘छठी लाल’, आनंद वर्धन, संजय श्रीवास्तव, वीरसिंह सोनकर, धर्मदेव चौहान आदि उपस्थित रहे।
सीएम ने मंदिरों में चढ़े फूल से अगरबत्ती बनाने की सलाह दी
पार्षद और फूल कारोबारी जितेंद्र सैनी की तरफ मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी की तर्ज पर गोरखपुर में भी मंदिरों में चढ़े फूल से अगरबत्ती बनाने की पहल करें। जिस पर जितेंद्र सैनी ने हामी भरी। बातचीत के बीच सीएम ने मनोनीत पार्षद लक्ष्मण नारंग से कहा कि अपने समाज के साथ अन्य वर्गों का भी ख्याल रखें।
मनोनीत पार्षदों को दें निगम में शामिल गांवों की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने मेयर से कहा कि नगर निगम में शामिल गांव का विकास भी अच्छे से होना है। इन गांवों की जिम्मेदारी मनोनीत पार्षदों को दें। जिससे वहां के विकास को लेकर कोई दिक्कत न हो। मनोनीत सभी दस पार्षद भी सक्रियता दिखाएं।