एक धार्मिक टीवी चैनल पर बीमारी दूर करने का झांसा देकर शहर के व्यवसाई से एक लाख 44 हजार रुपये ठगी का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाल शिवाकांत मिश्र ने बताया कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
पिकौरा शिवगुलाम मालवीय रोड निवासी अशोक सिंह ने तहरीर में बताया है कि एक धार्मिक चैनल पर उनसे संबंधित बीमारी ठीक करने का लगातार प्रचार देख रहे थे। उस पर भरोसा करके बीमारी का इलाज कराने के लिए दिए गए फोन नंबर पर किसी पंकज सिंह भदौरिया नाम के व्यक्ति से संपर्क किया।
आरोप है कि उस शख्स ने उनकी बीमारी के इलाज व दवा के लिए अपने खाते में कई बार में कुल 1.44 लाख रुपया मंगवाया। लेकिन फिर भी उन्हें दवा नहीं भेजी गई। कुछ दिन बीतने के बाद फोन उठाना भी बंद कर दिया और धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिया। पुलिस ने आईपीसी के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।