कोरोना की चुनौतियों को अब स्कूल की पढ़ाई में शामिल किया जाएगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने यह मौका फिलहाल 11वीं और 12वीं के छात्रों को दिया है। आर्टिफिशियल इंटेंलिजेंस के माध्यम से इसकी पढ़ाई करेंगे। बोर्ड का आदेश जिले के 117 स्कूलों में पहुंच गया है।
स्कूल स्तर पर छात्रों को कोविड-19 को गंभीरता से लेने और इसके बचाव को समझने के लिए सीबीएसई ने आईटी कंपनी आईबीएम के साथ समझौता किया है। इसके लिए स्कूल स्तर पर सीबीएसई आईबीएम एडटेक यूथ चैलेंज 2020-21 प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को कोविड-19 की चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। इसमें शिक्षक और छात्र मिलकर भाग ले सकते हैं। कोरोना वायरस को जानने और उसके बचाव के अलावा आर्टिफिशियल इंटेंलिजेंस में जलवायु, स्वास्थ्य सेवाएं, जल व कृषि को भी शामिल किया गया है।
छात्र अब इन चीजों को भी इस विषय में पढ़ेंगे। बोर्ड ने तमाम स्कूलों को इस विषय को शुरू करने का निर्देश भी दिया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय को शुरू करने के लिए स्कूलों को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। बोर्ड से अनुमति लेने के बाद ही यह शुरू किया जा सकेगा।
आरपीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के ग्रुप डायरेक्टर अजय शाही ने कहा कि कोरोना से लड़ाई के लिए बच्चों को जागरूक करने के नजरिए से बोर्ड ने 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कोरोना, जलवायु, स्वास्थ सेवाएं, जल और कृषि के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जा रही है।