गोरखपुर शहर के गोलघर स्थित गणेश चौराहा पर सिग्नल ओवरशूट करने पर रोके जाने पर कार सवार भड़क गया। 30 जून की शाम यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) से उलझे कार सवार ने अपने सहयोगियों को बुलाकर अभद्रता करने के साथ ही वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगा। टीएसआई ने कार को सीज करने के साथ ही कैंट थाने में अज्ञात कार सवार समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीएसआई विजय तिवारी ने कैंट थाने में दी गई तहरीर में लिखा है कि 30 जून की शाम को गणेश चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शाम 5:30 बजे विजय चौराहा की तरफ से खतरनाक तरीके से कार चलाते हुए एक व्यक्ति आया।
सिग्नल ओवरशूट करने पर उसे रोका गया तो भागने लगा। पोस्ट आफिस गेट के सामने उसे घेरकर रोका गया। गाड़ी के कागजात मांगने पर कार चालक उलझ गया। फोन करके अपने चार सहयोगियों को बुला लिया। आते ही उन लोगों ने धक्का मुक्की शुरू कर दी।
हाक दस्ते के सिपाही पहुंचे तो शांत हुए। टीएसआइ ने कार को सीज कर यार्ड में खड़ा कर दिया। इस बीच आरोपित अपने साथियों संग बाइक से निकल गया। रात में थाने पहुंचे टीएसआई ने कार चला रहे व्यक्ति और उसके सहयोगियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।