बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी एक 30 वर्षीय युवक वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग के बीआरसी पुर्सिया के पास ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में युवक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव के लोग सन्न रह गए।
कलवारी थानाक्षेत्र के गौरा निवासी संदीप सिंह पुत्र जगतपाल सिंह कलवारी में स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह रात में किसी को छोड़ने वाल्टरगंज की तरफ गए थे। जहां रात में ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
संदीप सिंह अपने माता-पिता के एकलौते पुत्र थे। एक उनकी बहन है, जिसकी अभी तक शादी नहीं हुई है। संदीप की शादी नेहा सिंह से हुई थी। उनके तीन वर्ष की बेटी है। पत्नी गर्भवती भी बताई जा रही है।
घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
वहीं सोनहा थानाक्षेत्र के पचमोहनी की रहने वाली 50 वर्षीय रहीमा खातून पत्नी रुआब अली की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रहीमा ब्लॉक रोड सल्टौआ पर सोमवार सुबह बाइक की चपेट में गई थीं। सिर में गंभीर चोट लगी थी। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई।