फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र: गोरखपुर में 40 हजार आवेदन लंबित, आवेदक हैं परेशान

Wed, 06 Oct 2021 01:50 PM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

यह तब है जबकि लेखपालों की लेटलतीफी पर कमिश्नर रवि कुमार एनजी और डीएम विजय किरन आनंद दोनों फटकार लगा चुके हैं।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर जिले की सभी सात तहसीलों में जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र के 40 हजार से अधिक आवेदन लंबित हैं। इनमें अकेले सदर तहसील में ही जाति, आय के लिए 26 हजार आवेदन लंबित हैं। यहां निवास प्रमाणपत्र के करीब सात हजार आवेदन अटके हैं।
विज्ञापन


यह तब है जबकि लेखपालों की लेटलतीफी पर कमिश्नर रवि कुमार एनजी और डीएम विजय किरन आनंद दोनों फटकार लगा चुके हैं। आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख नहीं बढ़ाई जाती तो 15 हजार से अधिक आवेदक तो सिर्फ जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र समय से नहीं बन पाने की वजह से आवेदन ही न कर पाते।

खजनी में निवास प्रमाणपत्र के लिए 3148 व आय जाति के 8000, चौरीचौरा तहसील में निवास के 726 और जाति, आय के 2247, गोला में निवास के 2340 और आय-जाति प्रमाणपत्र के लिए 5747 आवेदन लंबित हैं। इसी तरह बाकी तहसीलों में भी प्रमाणपत्रों के लंबित आवेदनों की लंबी फेहरिस्त है। सात दिनों में बनने वाले प्रमाणपत्र पिछले 20 दिनों से लंबित पड़े हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में आवेदक, लेखपालों से लेकर तहसीलदार और एसडीएम कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। कई तहसीलों से वसूली की भी शिकायतें आ रही हैं।
विज्ञापन


शाहपुर की संगीता का कहना है कि उन्होंने आंगनबाड़ी भर्ती में जरूरी आय और निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। 12 दिन से अधिक का समय हो गया अभी तक निवास प्रमाणपत्र का आवेदन एसडीएम तो आय प्रमाणपत्र का आवेदन सदर तहसीलदार के एकाउंट में प्रदर्शित कर रहा है। इसी खजनी के रमेश जायसवाल, बड़हलगंज कस्बे के चंद्रप्रकाश गुप्ता और बांसगांव के बघराई गांव के चंदन राय आय और निवास प्रमाणपत्र के लिए अपने-अपने तहसीलों में चक्कर लगा रहे हैं।
 
विज्ञापन

सर्वर दगा देने से भी आवेदनों के निस्तारण में देरी

तहसील के अधिकारियों और लेखपालों का कहना है कि एक साथ कई आवेदन आए हैं। प्राय: सर्वर खराब हो जाने से काम प्रभावित हो रहा है। इसकी वजह से भी देर हो रही है। इसके पहले ज्यादातर लेखपालों के बाढ़ बचाव कार्यों में ड्यूटी लग जाने से भी पुराने कई आवेदनों का निस्तारण बाकी था। प्राथमिकता के आधार पर पहले उन आवेदनों के निस्तारण की वजह से हाल-फिलहाल में आए आवेदन लंबित हो गए हैं।
 
एक तहसील में रोजाना आ रहे 4000 आवेदन
सदर तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी के पद पर भर्ती निकलने की वजह से पिछले 10 दिनों से अधिक समय से रोजाना चार हजार से अधिक आवेदन सदर तहसील में आ रहे हैं। सर्वर की भी दिक्कत है। बावजूद इसके तेजी से निस्तारण कराया जा रहा है। जल्द ही सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण हो जाएगा। लापरवाह लेखपालों पर भी नजर रखी जा रही है।
 
डीएम विजय किरन आंनद ने बताया कि आवेदनपत्रों के लंबित होने की सूचना है। सभी लापरवाह लेखपालों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। कार्रवाई भी की जाएगी। एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार को नियमित निगरानी के लिए निर्देश दिए गए हैं। जल्द सभी के आवेदनपत्रों का निस्तारण कराते हुए उन्हें प्रमाणपत्र जारी करा दिए जाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें