गोरखपुर के कुरी बाजार के सुर्ती विक्रेता के भाई की बृहस्पतिवार रात में मामूली विवाद में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के औराडाड़ गांव में निर्मम पिटाई कर दी गई। कुछ देर बाद खोजते हुए परिजन पहुंचे और युवक को मलौली सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से नाराज लोगों व व्यापारियों ने शुक्रवार की सुबह ही कुरी बाजार में दुकानें बंद कर धरना दिया।
दोपहर करीब दो बजे मौके पर पहुंचे एसपी दक्षिणी एके सिंह और एडीएम पीडी गुप्ता ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इस मामले में धनघटा थाना क्षेत्र में एक आरोपी सनी सिंह व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के औराडाड़ गांव निवासी सनी सिंह दो अन्य लोगों के साथ बेलघाट क्षेत्र के कुरी बाजार गए थे। एक दुकान में बैठकर ये लोग शराब पी रहे थे। बगल में स्थानीय निवासी गोरख यादव की सुर्ती की दुकान है।
आरोपी युवक सनी सिंह और उसके साथी किसी बात को लेकर गोरख यादव से उलझ गए। इसी दौरान गोरख यादव का भाई नीरज यादव दुकान पर पहुंचा। नीरज और सनी सिंह में कहासुनी होने लगी। परिजनों का आरोप है कि सनी सिंह व उसके साथी नीरज यादव को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए।
परिजन खोजते हुए औराडाड़ गांव की तरफ गए तो वहां पोखरे के पास नीरज अचेत मिला। नीरज को सीएचसी मलौली ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह इसकी जानकारी होते ही कुरी बाजार के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर बाजार में धरना शुरू कर दिया। इस संबंध में एसओ बेलघाट दिनेश प्रसाद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। धनघटा थाने में केस दर्ज है।