गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र की ग्रामसभा सरहरी के टोला बनकटवा में पुआल रखने के विवाद में जिस युवक की पीटकर हत्या हुई थी, उसकी मां पीजीआई में सांसों के लिए संघर्ष कर रही हैं। महिला का ऑपरेशन हुआ है, लेकिन हालत गंभीर है। ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर इलाज के लिए मदद राशि भेजी है। वहीं पुलिस ने मामले में नामजद चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात सरहरी के टोला बनकटवा में दरवाजे के सामने रखे पुआल को हटाने की बात को लेकर दो पक्ष में मारपीट हो गई। एक पक्ष के एक युवक समेत परिवार के सभी सदस्यों को दूसरे पक्ष ने निर्ममता से पीटा था। घायल युवक बबलू की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई जबकि उसकी मां जानकी देवी का पीजीआई में इलाजरत हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार की मदद के लिए लोगों ने चंदा जुटाकर दिया है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ऑपरेशन हुआ है, लेकिन हालत अभी ठीक नहीं है।
मृतक के भाई गोविंद की तहरीर पर इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों जगरोपन, सचिन, अंगद, बालकेश व रामकेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने नामजद सचिन, रामसागर व अंगद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को चौथे आरोपित जगरोपन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बालकेश अभी पुलिस के पकड़ से दूर है।