महराजगंज जिले के घुघली क्षेत्र अंतर्गत धनगड़ी मुंडेरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने आते जाते नमस्कार नहीं करने पर नाराज होकर अपने ही विद्यालय के तीन सहायक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया।
नोटिस वायरल होने के साथ ही बीआरसी के माध्यम से बीएसए कार्यालय तक पहुंच गया। जिसे देख विभाग भी असमंजस में है कि इस मामलें में किस प्रकार की कार्रवाई की जाय। हालांकि, बीएसए ने इस मामले में घुघली बीईओ को सोमवार को विद्यालय पहुंचकर जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। वहीं घुघली बीईओ विनयशील मिश्र ने कहा कि नोटिस वायरल होने से मामले की जानकारी है। इस मामले में सोमवार को विद्यालय पहुंच मामलें की जांच की जाएगी। जहां पर सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।
नोटिस में लिखा गया है कि विद्यालय में तैनात तीन सहायक अध्यापक शालोक कुमार यादव, इंद्रजीत सिंह, इंद्रनाथ यादव तथा शिक्षा मित्र दत्तात्रेय नाथ गुप्त द्वारा गत 29 व 30 सितंबर को छात्र-छात्राओं एवं रसोइयों के सामने विद्यालय आते समय सुबह 7 बजकर 45 मिनट व विद्यालय से वापस लौटते वक्त समय दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर नमस्कार नहीं कहा गया। जो इन शिक्षकों के कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए लापरवाही प्रदर्शित करता है।
इस मामलें में तीन सहायक अध्यापक समेत एक शिक्षा मित्र से दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उस दौरान स्पष्टीकरण उपलब्ध न होने अथवा संतोषजनक जबाब नहीं मिलने पर चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों के समक्ष्य रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इस संबंध में बीएसए ओपी यादव ने कहा कि घुघली क्षेत्र के धनगड़ी मुंडेरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का एक पत्र वायरल हुआ है। जिसमें नमस्ते नहीं करने पर अपने ही विद्यालय के तीन सहायक अध्यापक तथा एक शिक्षा मित्र के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया है।