अमर उजाला ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत गोरखपुर में 28 मार्च से प्रारंभ होने वाली जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमों के बीच मुकाबला होगा। सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली दोनों टीमों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता (4-7 अप्रैल) में कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर की विजेता टीमों के साथ प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन और खेल विभाग के सहयोग से अमर उजाला ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जा रही है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीजी गोरखपुर जोन अखिल कुमार करेंगे। सभी मुकाबले नॉकआउट होंगे। इनमें जिले की अलग-अलग एकेडमी की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले लॉल लेदर बॉल से खेले जाएंगे।
अंपायर और स्कोरर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मानकों के अनुरूप होंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन किया जाएगा। उद्घाटन मुकाबला अक्की स्पोर्ट्स एकेडमी और द्रोणा एकेडमी के बीच सुबह आठ बजे से सेंट एंड्रयूज कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। ऐसे ही गोरखपुर समेत कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिलों में भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता की शुरुआत 28 मार्च को होगी।