होली के बाद ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। दिल्ली और मुंबई की सभी ट्रेनों में सीटें फुल हैं और वेटिंग भी ज्यादा है। जनरल बोगियों में टॉयलेट के पास बैठकर लोग सफर कर रहे हैं।
रविवार को गोरखधाम एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और वैशाली एक्सप्रेस में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। बिहार से आने वाली ट्रेनें पैक होकर आईं। गोरखपुर जंक्शन पर बिहार से आई बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों को बोगी में चढ़ने में ही काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रेन के छूटने तक यात्री परेशान रहे। सभी जनरल कोच में पांव रखने की जगह नहीं थी। इसी प्रकार गोरखपुर से हिसार तक जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में भी भीड़ ज्यादा थी। सीट कंफर्म नहीं हो पाने से कई लोगों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी। जनरल बोगी में बहुत सारे यात्रियों ने गैलरी में ही नीचे बैठकर सफर शुरू किया।
बहुत कोशिश के बाद भी कंफर्म टिकट नहीं मिल पाया। बड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जनरल बोगी में सीट मिली है। भीड़ तो बहुत है और ऊपर से गर्मी भी ज्यादा है। किसी तरह समय काट लेंगे।
-आलोक यादव।
सीट को लेकर खूब धक्कामुक्की भी हुई है। हर स्टेशन पर यात्री चढ़ रहे हैं। जाना जरूरी है, वरना यात्रा ही स्थगित कर देता। भीड़ का हाल यह है कि एक बार कोच में चढ़ गए तो नीचे उतरने में काफी दिक्कत हो रही है।
-आदेश।