यूपी बोर्ड : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड
- फोटो : Amar Ujala
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सत्र 2021-22 के लिए विद्यार्थी प्रवेश अग्रिम पंजीकरण 15 सितंबर तक जरूर करा लें। नौवीं से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थी जिन्होंने परीक्षा शुल्क के लिए अब तक आवेदन नहीं किया है वे तत्काल आवेदन कर लें। 15 सितंबर के बाद बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों को इसके लिए अन्य अवसर नहीं दिए जाएंगे।
यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव विनोद कृष्ण ने बताया कि कक्षा 9 और 11 में विद्यार्थियों के प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर तथा उनका पंजीकरण शुल्क 50 रुपये प्रति छात्र की दर से चालान के माध्यम से कोषागार में एकमुश्त जमा करने एवं वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर है।
वेबसाइट पर अपलोड छात्रों के विवरणों की जांच करने की अवधि 7-9 अक्तूबर तथा उनमें संशोधन करने की अवधि 10-17 अक्तूबर निर्धारित की गई है। संस्था के प्रधान द्वारा पंजीकृत अभ्यर्थियों की एक प्रति परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है।