गोरखपुर जर्नलिस्टस प्रेसक्लब की ओर से कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नवोदित एवं वरिष्ठ पत्रकार कलाकारों को सम्मानित किया किया गया। यह सम्मान उन्हें फिल्म स्टार एवं हास्य कलाकार राजपाल यादव ने बतौर मुख्य अतिथि प्रदान किया। राजपाल यादव ने कहा-मैं कभी कॉमेडी नहीं करना चाहता था।
मेरा मकसद है, अपनी कला के माध्यम से देश या समाज की सेवा करना। यहां लोगों का प्यार देख कर बहुत अच्छा लगा। जीवन दर्शन है। इसे जीना सीखना होगा। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष मार्कण्डेय मणि त्रिपाठी ने स्वागत करते हुए कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया।
अभिनेता राजपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
समारोह में रंगमंच के कलाकार डॉ. मुमताज खान, सर्वेश दुबे, विनोद चंद्रेश, मृत्युंजय शंकर सिन्हा, प्रेम पराया, विजय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र नारायण दुबे, अश्वनी दुबे, अनिल यादव व नवीन पांडेय आदि को सम्मानित किया गया। अधिवक्ता भानु पांडेय, सुधा मोदी, राकेश श्रीवास्तव, चंद्र शेखर सिंह ने हास्य कलाकार राजपाल यादव को सम्मानित किया।
अध्यक्षता करते हुए ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने कहा कि राजपाल यादव के अंदर कोई बनावट नहीं है। जो सच है, वह पर्दे पर दिखाते हैं। गोरखपुर में इनके लाखों चाहने वाले हैं, उनसे आग्रह करेंगे कि यहां भी फिल्म बनाएं। इसके पूर्व राजपाल यादव दोपहर बाबा गोरखनाथ मंदिर पहुंच कर दर्शन-पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। मंच पर नवीन श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार सुजीत पांडेय, उपाध्यक्ष कुंदन उपाध्याय आदि मौजूद थे।