चार लाख एडवांस लेकर वाहन ले जाने और बाद में फर्जी तरीके से बेचने का आरोप
खोराबार (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में ट्रक की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जंगल सिकरी निवासी रमेश कुमार राय ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह एक ट्रक के मालिक हैं। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वाहन संचालन में कठिनाई होने पर उन्होंने ट्रक बेचने का निर्णय लिया था। आरोप है कि वाहन का सौदा 50 लाख 75 हजार रुपये में कुशीनगर के तमकुहीराज के माधोपुर निवासी विजय कुमार पांडेय से तय हुआ था। सौदे के दौरान चार लाख रुपये एडवांस दिए गए और लिखित समझौते के आधार पर वाहन लेकर शेष किस्तें फाइनेंस के माध्यम से जमा करने की बात कही गई।
कुछ समय बाद फाइनेंस कंपनी की ओर से सूचना मिली कि किस्त जमा न होने पर वाहन को रोक लिया गया है। जब वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि ट्रक को फर्जी और कूटरचित तरीके से आगे किसी अन्य को बेच दिया गया है। शिकायत में विजय कुमार पांडेय के साथ जुगुल किशोर राय उर्फ अनूप राय, पुरुषोत्तम चौबे, आरोपी के पिता, भाई और एक अन्य सहयोगी पर मिलकर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि चार अप्रैल को रामनगर कड़जहां के पास मुलाकात के दौरान जब उन्होंने वाहन की मांग की तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि अब ट्रक को भूल जाएं। थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।