गोरखपुर जिले के बांसगांव वार्ड संख्या एक में कई दिनों से धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने के आरोप में पकड़े गए दंपती में से पुलिस ने पत्नी को छोड़ दिया जबकि पति के खिलाफ केस दर्ज कर सोमवार को उसे जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता राजन सिंह, छोटू सिंह, सिंटू सिंह, सर्वेश सिंह, बिट्टू सिंह, शनि गुप्ता एवं बिक्की सिंह ने रविवार को नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक से दंपती को पकड़ा था। गगहा क्षेत्र के ग्राम ऊंचेर निवासी लालचंद व पत्नी रंभा पर गरीब वर्ग के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप था।
दंपती को स्थानीय पुलिस को सुपुर्द किया गया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान धर्म विशेष का साहित्य भी बरामद किया था। परंतु बाद में महिला को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। इंस्पेक्टर विवेक मलिक ने बताया कि सोमवार को आरोपित लालचंद के विरुद्घ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिर्वतन प्रतिषेध अध्यादेश 2020 की धारा 3/5 (1) के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पहले शांति भंग की आशंका में किया था चालान
धर्म परिवर्तन के मामले को लेकर प्रदेश सरकार की सख्ती के बावजूद बांसगांव पुलिस ने इस मामले में पहले दंपती का शांति भंग में चालान किया। इसके बाद महिला को छोड़ दिया गया। दूसरे दिन सोमवार को पति लालचंद के खिलाफ धर्म परिवर्तन से संबंधित धारा में केस दर्ज किया गया।