गोरखपुर जिले के 32 कंपोजिट विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता की जांच के लिए बुधवार को डीएम विजय किरन आनंद के निर्देश पर निरीक्षण अभियान चलाया गया। 596 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों के सापेक्ष 89 कर्मी अवकाश पर मिले। जबकि, 10 सहायक अध्यापक व पांच अनुदेशक अनुपस्थित थे। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षकों को निलंबित कर दिया। वहीं, पांच अनुदेशकों को सेवा समाप्ति का नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
एक साथ 89 अध्यापकों के अनुपस्थित मिलने पर सभी का अगले आदेश तक वेतन रोकते हुए बीएसए ने स्पष्ट किया कि इनके द्वारा ऑनलाइन अवकाश प्रस्तुत किए जाने के बाद ही इनका वेतन जारी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बड़हलगंज ब्लॉक के कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआपार की सहायक अध्यापक रंजना यादव बिना किसी सूचना के पिछले तीन वर्षों से अनुपस्थित मिलीं। जबकि कंपोजिट स्कूल सहजनवां की सहायक अध्यापक शालिनी यादव 25 मार्च से लगातार अनुपस्थित हैं।
इनके अलावा अनुपस्थित मिले शिक्षकों में चरगांवा ब्लॉक की सहायक अध्यापक प्रियंका जायसवाल, प्रशंसा श्रीवास्तव, रेनू त्रिपाठी, खोराबार की आभा त्रिपाठी, पुष्पा त्रिपाठी, रूपाली श्रीवास्तव, अनुदेशक बृज किशोर यादव, जंगल कौड़िया ब्लॉक की साधना चतुर्वेदी, अनुदेशक प्रियंका गौतम, शिप्रा दूबे, बड़हलगंज ब्लॉक के प्रकाश राय, अनुदेशक कुलदीप राय तथा ब्रह्मपुर ब्लॉक की अनुदेशक अनुराधा गौतम शामिल हैं।