गोरखपुर में चौरीचौरा के अहिरौली गांव निवासी इंटरनेशनल एथलीट हरिकेश मौर्य पिछले तीन महीने से अमेरिका की जेल में बंद हैं। उनके पिता विश्वनाथ मौर्या ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, विदेश व खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर बेटे को छुड़ाने की गुहार लगाई है।
विश्वनाथ मौर्या ने बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 2017 में हरिकेश अमेरिका भेजा था। वहां वह अपने निजी खर्च पर प्रशिक्षण ले रहा था। कोरोना काल में आर्थिक परेशानी होने पर खेत बेचकर खर्च के लिए रुपये दिए। बेहतर प्रदर्शन की वजह से उसका चयन कोलोराडो के एक कैंप के लिए हुआ। जहां हरिकेश अन्य देशों के खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग ले रहा था।
आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से वह एक होटल में वह पार्ट टाइम मैनेजर की नौकरी कर रहा था, लेकिन वहां अभी एग्रीमेंट नहीं हो सका था। 17 फरवरी 2022 की रात दो लड़कियां एक आदमी के साथ आईं और होटल में रुक गईं।
इस दिन हरिकेश छुट्टी पर था। सुबह जब वह ड्यूटी पहुंचा तो पुलिस का छापा पड़ा और दोनों लड़कियां होटल से पकड़ी गईं। साथ रुका आदमी फरार हो गया। पता चला कि पकड़ी गई लड़कियां, कहीं से फरार होकर आई थीं। पुलिस ने हरिकेश को भी इस मामले में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।