गोरखपुर जिले में बुधवार को 64 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। संक्रमितों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो डॉक्टर, एम्स की एक छात्रा और एक साल का एक मासूम शामिल हैं।
राहत की बात यह है कि एक भी मौत नहीं हुई है। साथ ही 94 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। इसके बाद से सक्रिय मरीजों की संख्या 527 हो गई है। जबकि, मंगलवार को केवल 29 मरीज मिले थे।
जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के एक सीनियर डॉक्टर, एसएसबी के दो जवान, मोहद्दीपुर में एक स्कूल के प्रबंधक और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित मिली हैं।
इनके अलावा, पुर्दिलपुर में एक साल का मासूम, बेतियाहाता में एक ही परिवार के दो लोग, चिल्लूपार में 83 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित मिले हैं। मोहद्दीपुर और इलाहीबाग में एक-एक बुजुर्ग, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक कर्मचारी, बशारतपुर में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 66,427 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 65,043 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 857 मरीजों की मौत हो चुकी है।