गोरखपुर जिले के खजनी में बुधवार की दोपहर में एक सराफा की दुकान में आभूषण खरीदने गई महिला ने जब रुपये देने के लिए अपना झोला देखा तो सन्न रह गई। महिला का झोला काटकर कोई 42 हजार रुपये चुरा ले गया था। महिला के बगल में बैठी महिलाएं भी गायब थीं। बाद में सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखा गया तो बगल में बैठी एक युवती ही झोला काटकर रुपये निकालते दिख रही है।
खजनी थाना क्षेत्र निवासी अर्जुन धर दुबे पत्नी गौरी देवी को साथ लेकर बुधवार को पीएनबी बैंक खजनी गए थे। वहां गौरी देवी ने अपने खाते से पैसा निकाला। वहीं से दो युवतियां इनके पीछे लग गई थीं। पति-पत्नी कस्बे के रामजी वर्मा की दुकान पर पहुंचे। बगल में ही युवतियां भी बैठी थीं।
पति-पत्नी आभूषण देखने में व्यस्त थे। एक आभूषण पसंद कर जब रुपया देने के लिए गौरी देवी ने झोला खोला तो उसमें रुपये ही नहीं थे। हल्ला हुआ तब लोगों का ध्यान इस पर गया कि बगल में बैठी युवतियां अचानक गायब हैं।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग चेक की गई तो बगल में बैठी एक युवती ही झोला काटकर रुपये निकालती दिख रही है। अर्जुन धर दुबे ने इस घटना की सूचना खजनी पुलिस को दी है।