संचालक से पूछताछ करते एसपी नार्थ।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके के बेलवा खुर्द में सोमवार शाम सहज जनसेवा केंद्र संचालक के बेटे अनंत को चाकू सटाकर बदमाश 32 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा के बेलवा खुर्द निवासी रामू गुप्ता गांव के चौराहे पर ही सहज जनसेवा केंद्र खोले हैं। अभी वह निर्माणाधीन है। सोमवार शाम 5.30 बजे सहज जनसेवा केंद्र पर उनका बेटा अनंत गुप्ता बैठा था। गोरखपुर की तरफ से बाइक सवार तीन बदमाश आए।
एक ने आधार द्वारा पैसा निकालने और दूसरा स्कैन कर खाते में पैसा भेजकर नकद लेने की बात करने लगा। उसी बीच एक बदमाश ने चाकू दिखाकर काउंटर में रखा 32 हजार रुपये लूटकर सोनबरसा बाजार की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी।
वारदात के बाद शोर मचाने पर पहुंचे लोगों में से एक युवक ने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। पुलिस इसी नंबर के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है। घटना की सूचना पर एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी भी पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस को बदमाशों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। टीमें लगी हैं, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।