कोरोना वैक्सीन। (सांकेतिक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर के सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने अपील की है कि जो लोग टीकाकरण केंद्र तक पहुंचने में सक्षम हैं वे कोविड का टीका बूथों पर पहुंचकर अवश्य लगवा लें। जिले में स्वास्थ्य केंद्रों व अलग-अलग स्थानों पर बने औसतन 200 बूथों पर रोजाना कोविड के टीके लगाए जा रहे हैं। इसके बाद अब हर घर टीकाकरण पर जोर है और टीम क्षेत्र में पहुंच भी रही है। लेकिन लोगों को टीम के आने का इंतजार नहीं करना चाहिए।
तीन लाख लोगों को दूसरी डोज लगना बाकी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में लक्ष्य के सापेक्ष करीब 70 फीसदी लोगों ने कोविड टीके की पहली डोज लगवा ली है। करीब तीन लाख लोग ऐसे हैं जो विभिन्न कारणों से टीके की पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज की समयावधि खत्म होने के बाद भी वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। जिले में 35.30 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 23.92 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज जबकि 10.31 लाख लोगों ने दोनों डोज लगवा ली है।
घायल युवक के घर पहुंचकर लगाया टीका
सीएमओ ने बताया कि बरेली में एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत सुनील कुमार (31) मार्ग दुर्घटना में घायल होने के बाद शारीरिक रूप से चलने फिरने में अक्षम हो गए हैं। उनके पिता सूर्य बहादुर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरदारनगर के प्रभारी डॉ. हरिओम पांडेय से परेशानी बताई। प्रभारी ने आरबीएसके टीम के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी के माध्यम से उनके घर सुनील को टीका लगवाया।