गोरखपुर में आने वाले दिनों में शहर के करीब सवा दो लाख उपभोक्ताओं को कटौती मुक्त बिजली मिलेगी। बिजली वितरण सिस्टम को फाल्ट मुक्त बनाने के लिए शहरी वितरण मंडल को पहले चरण में 65 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।
इस बजट से बिजली निगम विभिन्न बिजली घरों से निकलने वाले 19 फीडरों की लाइन को दुरुस्त करेगी। इसके तहत अलग-अलग बिजली घरों के इन फीडरों पर रिंगमेन यूनिट लगाई जाएगी। किसी तरह के फाल्ट या खराबी होने पर पूरे फीडर की बिजली आपूर्ति बंद नहीं करनी पड़ेगी।
इस योजना के तहत जिस फीडर में दिक्कत होगी तो सिर्फ उस इलाके में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा अन्य इलाकों में कुछ ही देर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अलग-अलग बिजली घरों के इन फीडरों पर 65 करोड़ खर्च कर रिंगमेन यूनिट लगाई जाएगी।