दुर्घटना में घायल महिला की जान गई
गगहा क्षेत्र के कुदरिहा निवासी रामचंद्र राजभर की पत्नी रीता (40) की बृहस्पतिवार को मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई। पति की तहरीर पर गगहा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, कुदरिहा निवासी रामचंद्र पत्नी के साथ बुधवार को दिन में दो बजे कौड़ीराम स्थित बलुआ मंदिर के पास स्थित एक समूह चलाने वाले बैंक से रुपये निकालने पैदल जा रहे थे। इसी बीच सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी जिससे रीता घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम पर ले जाया गया, जहां से मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।