गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके के एचएन सिंह चौराहा के पास बृहस्पतिवार रात दो बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने कार में सवार एक महिला और पुरुष को बाहर निकाला, दोनों को मामूली चोटें आई थीं। उधर, हादसे में बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने की वजह से खरैया पोखरा इलाके में 16 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।
जानकारी के मुताबिक, कार से महिला और पुरुष खजांची चौक से असुरन की तरफ जा रहे थे। अभी एचएन सिंह चौराहे के पास पहुंचे थे कि कार बिजली के पोल में टक्कर मारने के बाद रेस्टोरेंट की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। रेस्टोरेंट मालिक रणधीर सिंह ने पुलिस को अज्ञात कार चालक के खिलाफ एक लाख रुपये के नुकसान होने की तहरीर दी है।
उधर, कार की चपेट में पोल आने से खरैया पोखरा फीडर दो बजे रात से बंद रहा। शुक्रवार शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। कर्मचारी सुबह से आपूर्ति बहाल करने में लगे रहे। बिजली गुल होने से सुबह लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत पानी के लिए हुई।