गोरखपुर में राष्ट्रपति दौरे के बीच सर्विस केबल की परेशानी से जूझ रहे 1250 परिवारों को अब इससे निजात मिल जाएगी। उन्हें अब बेहतर आपूर्ति मिलने लगी। सोनबरसा से आयुष विश्वविद्यालय के कार्यक्रम स्थल तक जाने वाली सड़क के किनारे कई उपभोक्ताओं के आवास हैं।
इन घरों तक जाने वाली सर्विस केबल सड़क के बीच से होकर गुजर रही थी। इन लाइनों को दूसरी तरफ 14 बिजली खंभे लगाकर उसपर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके हो जा जाने से न तो सड़कों के बीच मार्ग में केबल अब दिख रहा है और न ही किसी प्रकार का अवरोध ही अब है।
बिजली निगम के नोडल अधिकारी अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण-द्वितीय) राजीव चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन ने रास्ते से अवरोध हटाने के निर्देश दिए थे। एसएसबी कंपाउंड से लेकर आयुष विवि तक जाने वाले रास्ते पर बिजली सुरक्षा निदेशालय की टीम से लेकर ट्रांसमिशन और वितरण की टीम काम कर रही थी।
सुरक्षा निदेशालय ने इन रास्तों पर क्रास हो रहे तारों को हटाने के लिए कहा था। इसका स्थायी समाधान करने का निर्देश भी दिया था। अधिशासी अभियंता ग्रामीण प्रथम हवलदार रावत, शहरी खंड चतुर्थ राप्तीनगर अविनाश गौतम व गीडा के सोमदत्त शर्मा को नोडल टीम का हिस्सा बनाया गया है।