बारिश की वजह से नदी का पानी उफान पर है। राप्ती के कोलिया, घुनघुनकोठा, मंझरिया, उतरासोत सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों पर खतरा बना रहता है। करीब 11 किलोमीटर तक जगह जगह सड़क पर गड्ढे मिले, जिनको पाटने का काम मजदूर कर रहे थे। कोलिया गांव के डाेमिनगढ़ से गाहासाड़ जाते हुए बाईंलेन पर करीब तीन मीटर चौड़ा रेनकट मिला। इसे पाटने के लिए मजदूर बोरी डाल रहे थे। लोग दुर्घटना के शिकार न हो। इसके लिए लाल निशान लगाया गया था।
इसे भी पढ़ें: विकास की गति पर बारिश का झटका, गोरखपुर में हर काम लटका
नदी का पानी देखा तो हो सकते हैं दुर्घटना के शिकार
दोपहर 02.40 बजे उतरासोत गांव के सामने बाइक सवार आशीष कुमार और नीतेश कुमार मिले। दोनों नदी की ओर देखते हुए जा रहे थे। बाइक चला रहे नीतेश ने आशीष से कहा कि देखो लग रहा है कि बाढ़ आ जाएगी। तभी पीछे बैठे आशीष चिल्लाए कि आगे देखो नहीं तो गिर जाएंगे। बंधे की हालत ऐसे हो गई है कि यदि नदी का पानी देखने में ध्यान बंटा तो दुर्घटना के शिकार हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने डीएम को दिया पत्र, कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव विजय कुमार यादव की नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने कहा है कि डोमिनगढ़ से जीरो प्वाइंट कालेसर तक जगह जगह सड़क पर गड्ढे हाे गए हैं। इनकी मरम्मत कराया जाना जनहित में है। क्षेत्र के रामनरेश, केशव, केवल, अधारे सहित अन्य लोगों ने बताया कि मरम्मत के अभाव में कभी कोई बड़ी घटना हो सकती है। नदी में बाढ़ आने पर बंधा टूट सकता है।
इसे भी पढ़ें: शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, जलाभिषेक के लिए लगी भक्तों की लाइन
बारिश होने से जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। इनको पाटा जा रहा है, लेकिन मिट्टी बह जा रही है। यदि कोई संभलकर नहीं चलेगा तो दुर्घटना का शिकार हो जाएगा।
-रामनिहाल, उतरासोत
हम लोग अक्सर इस रास्ते से आते जाते हैं। सड़क तो अच्छी बनी थी। लेकिन अब गड्ढे हो गए हैं। दो वाहनों के आने जाने में दिक्कत हो रही है।
-नितेश कुमार, खलीलाबाद
बोरे भरकर जगह जगह गड्ढों को पाटा जा रहा है। लेकिन किनारे पर जाना किसी वाहन चालक के लिए खतरनाक हो सकता है। ऐसे में संभलकर चलने की जरूरत है।
-आशीष कुमार, खलीलाबाद
इसे भी पढ़ें: श्रावस्ती में बैराज से छोड़ा गया पानी, राप्ती में नजर आएगा असर
रेनकट को भरने में लापरवाही हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो जाएगा। इसलिए इसकी बराबर निगरानी करने की जरूरत है।
-संतोष कुमार, टिकरिया
पीडब्ल्यूडी खंड तीन के अधीशासी अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि बंधे की सड़क पर रेनकट की मरम्मत का निर्देश दिया गया है। आवागमन में कोई असुविधा न हो। इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
सिंचाई विभाग अधीक्षण अभियंता दिनेश सिंह ने कहा कि नदी के बढ़ाव को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। बंधों की सुरक्षा के लिए समुचित उपाय किए गए हैं। इसमें कोई लापरवाही नहीं की जाएगी।