शुरुआती दौर में फ्लाईओवर का काम तेजी से हुआ। लेकिन बाद में इसकी रफ्तार धीमी हो गई। एक ओर बारिश से परेशानी है तो दूसरी ओर बिजली के हाईटेंशन तार नहीं हटने से समस्या आ रही है। जिस तरफ तार नहीं है, वहां तो काम चल रहा, लेकिन जिधर तार हैं, उधर कोई काम नहीं हो पा रहा है। मौके पर मिले मजदूरों ने बताया कि तारों के हटने से काम जल्दी पूरा हो जाता, लेकिन इस पर अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में जब तक काम पूरा नहीं होगा, तब तक समस्या बनी रहेगी।
इसे भी पढ़ें: मां-बाप ने पड़ोसी पर लगाया आरोप: मासूम की संदिग्ध हाल में मौत, जहर देकर हत्या की आशंका
सिक्सलेन फ्लाईओवर के काम में भी आई रुकावट
गोरखपुर शहर में नौसड़ से पैडलेगंज तक सिक्सलेन बन रहा है। इस पर टीपीनगर से फ्लाईओवर बनाने का काम भी चल रहा है। यह फ्लाईओवर टीपीनगर से शुरू होकर दाउदपुर से हाईवे पर आने वाली सड़क पर पेट्रोल पंप के पास जाकर समाप्त होगा। इसी साल मार्च माह में इसका काम शुरू किया गया है। इसके निर्माण में करीब तीन साल का समय लगेगा।
शनिवार की दोपहर 01.40 बजे देवरिया बाईपास तिराहा मोड़ की ओर से इसका काम बंद था। दाउदपुर से आगे एसबीआई के प्रशासनिक भवन के आगे कोई काम नहीं हो रहा था। यहां से आगे जाने पर रुस्तमपुर ढाला के नजदीक चार मजदूर सरिया की रिंग बनाते मिले। काम कर रहे मोहम्मद राहिल, शमीम, साजिद और वसीम से पूछा गया कि काम क्यों बंद है?
इसे भी पढ़ें: मियां-बीवी के झगड़ों में तबाह हो रही मासूमों की जिंदगी, कातिल आसानी से बना रहे शिकार
राहिल ने कहा कि जब पानी बरसेगा तो काम कैसे हो पाएगा। इसके बाद वे सभी अपने काम में मशगूल हो गए। यहां से आगे जाने पर महेवा फलमंडी चौराहा के पहले मशीन से पिलर बनाने काम चल रहा था। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि जमीन की खुदाई करने पर पानी निकल रहा है। बारिश से भी परेशानी है। इसलिए काम धीमे चल रहा है। ऐसे में बरसात के बाद ही काम अपनी रफ्तार पकड़ सकेगा।
बारिश के कारण रुका काम।
- फोटो : अमर उजाला।
जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड निर्माण कार्य का काम बारिश के कारण ठप हो गया है। विभाग से जुड़े लोगों की मानें तो मौसम अनुरूप होने व जेसीबी चलने लायक जमीन हो जाने के बाद समतलीकरण का कार्य शुरू होगा।
जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड में अधिग्रहित जमीन का समतलीकरण और कब्जा करने का काम बीते सप्ताह शुरू हुआ था। इसमें ताल जहदा, रहमतनगर, बैजनाथपुर आदि गांवों में किसानों के सहयोग से जमीन को समतल कर दिया गया है। लेकिन कई दिनों से मौसम खराब होने की वजह से काम ठप है। जेसीबी चलाने में आ रही दिक्कत और जलभराव होने की वजह से काम प्रभावित हुआ है।
इसे भी पढ़ें: श्रावस्ती में बैराज से छोड़ा गया पानी, राप्ती में नजर आएगा असर
एनएचएआई के कांट्रेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि आगे बनगाई, रसूलपुर, सरैया, बेलवारायपुर सहित अन्य गांवों की तरफ काम होगा। लेकिन यह मौसम ठीक होने पर ही संभव हो सकेगा। निर्माण कार्य के लिए सहमति पत्र जमा कराने वाले किसानों के खातों में 28 करोड़ रुपये भेज दिए गए हैं। आर्बिट्रेशन में गए किसानों का फैसला होने के बाद उनके खाते में भी रकम भेज दी जाएगी।
दुकानदार ठगई प्रसाद ने कहा कि इसका काम तो तेजी से शुरू हुआ है। तीन-चार दिनों से पानी बरसने से काम बंद हो गया है। कुछ मजदूर बताते हैं कि तार नहीं हट रहा है। ऐसे में काम समय से पूरा नहीं हो पाएगा।
इसे भी पढ़ें: शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, जलाभिषेक के लिए लगी भक्तों की लाइन
मानीराम निवासी जनार्दन ने कहा कि यहां से मैं तीसरी बार गुजरा हूं। मुझे एक परिचित को डॉक्टर को दिखाने जाना था। सड़क के उस पार जाने में कीचड़ और मिट्टी के कारण पसीना छूट गया। बारिश होने से परेशानी बढ़ गई है।
सेतु निगम प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह ने कहा कि बारिश के कारण फ्लाईओवर और ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। मौसम ठीक होते ही तेज गति से काम कराया जाएगा। इस बीच जब बारिश नहीं होगी तो काम जारी रखा जाएगा। अत्यधिक बारिश की दशा में कोई काम प्रभावित होगा। खजांची में बिजली के तार भी काम में बाधा बन रहे हैं।