कोतवाली के ग्राम खिजिरपुर कैलई (इमलीगांव) में बुधवार शाम दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई। जहां प्रेमिका दिव्या (15) पुत्री आशीष उर्फ मिंटू के घरवालों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसी के फोन से काल करवाकर उसके प्रेमी सौरभ पांडेय पुत्र राजू पांडेय को अपने घर बुलाया। प्रेमी अपने साथी देवेश पांडेय पुत्र राममोहन पांडेय के साथ जब प्रेमिका के घर पहुंचा तो उसे छत पर ले जाकर बंधक बना लिया गया और लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा गया।
इस दौरान प्रेमिका रहम की भीख मांगती रही, लेकिन बेरहम घरवालों का दिल नहीं पसीजा। शाम को जख्मी हालत में प्रेमी को छोड़ दिया गया, लेकिन देर रात फिर से प्रेमिका को पीटा गया। हालत बिगड़ी तो उसे प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस भी इसे ऑनर किलिंग से जुड़ा मामला मान रही है।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : pixabay
फोन से घरवालों को पता चल गई प्रेम कहानी
सरायअकिल। प्रेमी और प्रेमिका की प्रेम कहानी पूरे गांव के लोगों के जुबां पर थी। वह लोग छिपकर मिलते थे। लेकिन जब से मोबाइल का चलन बढ़ा तो उनकी नजदीकी और बढ़ गई। घरवालों ने युवती का मोबाइल छीन लिया तो वह चोरी से परिवार के किसी न किसी सदस्य के फोन से प्रेमी से बात कर लेती थी। बाद करने के बाद वह काल रिकार्ड से नंबर डिलीट भी कर देती थी। लेकिन यह राज भी ज्यादा दिन तक राज नहीं रह सका।
मौत नहीं सिर्फ खौफ पैदा करना था मकसद
सरायअकिल। मोहल्ले में चर्चा रही कि किशोरी के घरवालों का मकसद था कि प्रेमी को पीटा जाए और धमकी दी जाए कि अगर वह यह हरकत बंद नहीं करता तो जान से मार दिया जाएगा। सोशल मीडिया में जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें एक व्यक्ति सिर्फ हाथ से ही पीटते दिख रहा है। जबकि उसके बाद डंडा लिए व्यक्ति लाठी उसे मारने के बजाय सिर्फ जमीन पर पटक रहा है।
रहम करो, जान बख्श दो भइया
सरायअकिल। इलाके के जिस गांव में ऑनर किलिंग की घटना हुई है वहां के लोगों के अनुसार देर एक किशोरी की करुणा भरी पुकार कर रही थी। जोर-जोर से रो रही किशोरी यही कह रही थी कि भइया रहम करो अब जान बख्श दो।
इनका कहना है
सरायअकिल इलाके के एक गांव में किशोरी की मौत हुई है। इसके अलावा एक प्रेमी के साथ मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ऑनर किलिंग से भी घटना को जोड़कर भी देखा जा रहा है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - समर बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक