उम्र जब बढ़ती है तो त्वचा में होने वाले परिवर्तनों को पूरी तरह रोकना अपने बस में कहां होता है। लेकिन समय से पहले चेहरे पर झुर्रियां या उम्र के हिसाब से बहुत अधिक झुर्रियां सिर्फ उम्र बढ़ने की ही निशानी नहीं है बल्कि प्रदूषण, तनाव और जीवनशैली की समस्याओं का भी परिणाम हो सकती हैं। ऐसे में अगर त्वचा का खास ध्यान रखा जाए तो उम्र बढ़ने के साथ-साथ झुर्रियों से दूरी बरती जा सकती है।
एजिंग की समस्या को दूर करने के लिए आज बाजार में ढेर सारे एंटी-एजिंग उत्पाद मौजूद हैं। लेकिन कई बार इन्हें लगाने के बाद भी खास फायदा नहीं पहुंचता। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे घरेलू उपायों की जानकारी दे रहे हैं जो आपके बजट के हिसाब से तो फिट हैं ही, साथ ही ये पूरी तरह प्राकृतिक भी है।
अंडे का पैक
अगर आपको अंडे की महक से गुरेज नहीं है तो अंडे का सफेद भाग आपके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। अंडे के सफेद भाग को एक बाउल में निकालकर अच्छे से फेंट लें और चेहरे पर पैक की तरह लगाएं। सूखने पर चेहरा धो लें।
दही का विटामिन पैक
विटामिन ई की कैपसूल बाजार में आराम से मिल जाती है। तीन विटामिन ई कैपसूल का ऑयल एक बाउल में डालें और उसमें दो चम्मच दही, आधा चम्मच शहद और आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। अच्छे से फेंटकर इस पैक को चेहरे पर लगाएं औ र 10 मिनट तक छोड़ दें। फिर चेहरे की हल्की मसाज करते हुए पानी से साफ करें।
नारियल तेल
रोज सोने से पहले झुर्रियों पर नारियल तेल से हल्की मसाज करें। नियमित रूप से झुर्रियों पर नारियल तेल लगाने से झुर्रियां कम हो जाती हैं।
अंगूर से करें मसाज
हरा अंगूर का दाना लें। इसके पल्प से झुर्रियों वाली त्वचा पर हल्की मसाज करें कम से कम 20 मिनट तक मसाज करें और फिर गुनगुने पानी से धो लें।
शहद-अदरक पैक
एक चम्मच शहद में अदरक पीसकर मिलाएं और पेस्ट तैयार करें। इसे झुर्रियों पर लगाने से झुर्रियां तो कम होंगी ही, साथ ही त्वचा का ग्लो बरकरार रहेगा।
कपूर का तेल
झुर्रियां हटाने के लिए आंखों के आस-पास व गर्दन पर कपूर के तेल की मसाज करें। झुर्रियां दूर करने के लिए यह कारगर उपाय है।