छोटे परदे पर देश की सबसे मशहूर कहानियों में शामिल रही है अर्चना और मानव के रिश्ते की कहानी है। एकता कपूर ने इस रिश्ते को नाम दिया, 'पवित्र रिश्ता'। इसी रिश्ते की गांठें सुलझाते सुलझाते असल जीवन में भी इसके हीरो सुशांत सिंह राजपूत और इसकी हीरोइन अंकिता लोखंडे का एक अनूठा रिश्ता सा बन गया था। सुशांत अब इस दुनिया में नहीं हैं। अंकिता उन्हें कभी भूल नहीं पाईं। और, उसी रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए अब इस कहानी के सीक्वेल में आ गए हैं अभिनेता शहीर शेख। अर्चना और मानव की विरासत को आगे बढ़ाने वाले शो का नाम है, 'पवित्र रिश्ता-इट्स नेवर टू लेट'। शो का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हुआ तो इस शो के प्रशंसकों को पुराने दिन याद आ गए। ट्रेलर की सबसे शानदार बात है मानव का किरदार कर रहे शहीर शेख का अभिनय, जिन्होंने अपने इस किरदार पर किसी भी कोने से सुशांत सिंह राजपूत की परछाई तक नहीं आने दी है।