शालीन भनोट वर्तमान में टीवी के स्टंट आधारित रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 14' में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। उन्होंने आज अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शो के सेट से अपना एक बीटीएस वीडियो शेयर किया है। हालांकि, शालीन द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो ने उनके प्रशंसकों को उनके लिए चिंतित कर दिया है। इस वीडियो शालीन काफी घायल नजर आ रहे हैं। आइए जानते हैं कि अभिनेता के साथ क्या हुआ है।
वीडियो साझा कर बताया अपना हाल
शालीन ने हाल ही में, अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। साझा किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उनका चेहरा काफी सूजा हुआ है और सेट पर मौजूद कोई व्यक्ति उनकी चोटों का इलाज कर रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए शालीन ने इसे अपने प्रशंसकों का श्रेय देते हुए लिखा, 'आप सभी के लिए कुछ भी।'
200 बिच्छुओं ने शालीन को काटा
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि शो में स्टंट के दौरान शालिन को 200 बिच्छुओं ने काट लिया। इसकी वजह से अभिनेता का चेहरा सूज गया है। कुछ दिनों पहले शालीन को बिना हार्नेस के स्टंट करने की कोशिश करने के बाद स्टैंडिंग ओवेशन मिला था। हालांकि, शो में अभिनेता के कार्यकाल ने एक और विवाद को भी जन्म दिया है। साथी प्रतियोगी असीम रियाज के साथ उनके कथित मतभेद के कारण उन्हें शो से बाहर कर दिया गया। हालांकि, कुछ दिनों बाद, असीम ने होस्ट रोहित शेट्टी से माफी मांगने के बाद खतरों के खिलाड़ी 14 में वापसी की है।
शो में नजर आए ये सितारे
शालीन का यह वी़डियो देख उनके फैंस काफी परेशान हो गए हैं और जल्द ठीक होने की कामना भी कर रहे हैं। बता दें कि खतरों के खिलाड़ी 14 में शालीन भनोट के अलावा शिल्पा शिंदे, अभिषेक कुमार, कृष्णा श्रॉफ, गश्मीर महाजनी, करणवीर शर्मा, अदिति शर्मा जैसे लोकप्रिय चेहरे दिखाई देंगे।