साढ़े तीन महीने चलने वाले रियलिटी शो 'बिग बॉस 17' में खुद को हर कदम पर साबित करते हुए स्टैंड-अप-कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुनव्वर को उनके फैंस ने भारी मात्रा में वोट दिए। साथ ही उनकी सोशल मीडिया फॉलोइंग में भी तगड़ा उछाल आया है। ट्रॉफी जीतने के बाद मुनव्वर डोंगरी पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे। इसी कड़ी में बीती रात मुनव्वर एक रेस्तरां पहुंचे, जहां से निकलते वक्त उन्हें पैपराजी और फैंस ने घेर लिया। मुनव्वर, फैंस से बातचीत करते नजर आए, इसी बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है-
'बिग बॉस 17' के विजेता मुनव्वर फारूकी मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ मुंबई में डिनर के लिए निकले। जैसे ही वह रेस्तरां से बाहर आए, फैंस की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। पहले तो मुनव्वर अपने फैंस को देखकर खुश हुए, लेकिन हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। नतीजा यह हुआ कि मुनव्वर अफरा-तफरी के कारण धड़ाम से नीचे गिर पड़े। घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है।
वीडियो में मुनव्वर अपने फैंस का अभिवादन और धन्यवाद करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन भीड़ फोटो के लिए उनके बहुत करीब जाने की कोशिश करती दिख रही है। इससे मुनव्वर का संतुलन बिगड़ जाता है, और वह गिर पड़ते हैं। ऐसा होने पर गार्ड तुरंत उनकी मदद करने पहुंचते हैं। बाद में, उन्होंने अपने फैंस से शांत रहने और किसी भी दुर्घटना से बचने का आग्रह किया।
मुनव्वर ने यह भी बताया कि आसपास बच्चे भी थे, जो अव्यवस्था के कारण चोटिल हो सकते थे। किसी और परेशानी से बचने के लिए मुनव्वर बिना इंतजार किए जल्दी से अपनी कार में बैठकर निकल गए। मुनव्वर का यह वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक सोशल मीडिया यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, 'मुनव्वर रियल लाइफ में सुपरहीरो हैं।' दूसरे ने लिखा, 'लगता है आयशा की बद्दुआ लग गई।' वहीं, एक ट्रोल ने लिखा है, 'और कितना गिरेंगे आप?'