अभिनेत्री पायल रोहतगी पर पुणे में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के कारण एक केस दर्ज किया गया है। दरअसल एक वीडियो में पायल रोहतगी ने इन लोगों के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था जिसके चलते उन पर सेक्शन 153 a, 500, 505(2) और 34 आईपीसी की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।
वहीं इससे पहले उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी मोतीलाल नेहरू को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। पायल ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि, 'मुझे लगता है कि कांग्रेस परिवार ट्रिपल तलाक के इसलिए खिलाफ था क्योंकि मोतीलाल नेहरू की पांच पत्नियां थीं। साथ ही मोतीलाल जवाहर लाल नेहरू के सौतेले पिता थे। उन्होंने अपने दावे के पीछे ऐलिना रामाकृष्णा की बायोग्राफी का हवाला दिया था। उनके इस वीडियो पर काफी हंगामे के बाद राजस्थान पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 और 67 के तहत केस दर्ज कर लिया था'।
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब अपने किसी विवादित बयान के चलते पायल मुश्किल में फंसी हों या फिर उन पर केस दर्ज हुआ है। इससे पहले भी कई मौकों पर अभिनेत्री की गिरफ्तारी हो चुकी है। पायल पर कुछ महीने पहले सोसायटी के चेयरमैन को गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।