हालिया रिलीज फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' को दर्शकों द्वारा काफी सराहना मिल रही है। अब 'स्त्री 2' अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने भी फिल्म की समीक्षा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर फिल्म को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
'कल्कि 2898 ए़डी' फिल्म हाल में ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। बॉक्स ऑफिस पर हुई फिल्म की कमाई बताती है कि फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। इस फिल्म को दर्शकों के अलावा फिल्मी हस्तियों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में अमिताभ बच्चन के अभिनय और उनके किरदार पर दर्शक काफी प्यार लुटा रहे हैं। इस कड़ी में अब अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का नाम भी शामिल हो गया है।
विज्ञापन
श्रद्धा ने की अमिताभ की तारीफ
श्रद्धा कपूर हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं। उन्हें पसंद करने वाले फैंस उनकी हर फिल्म का बेसब्री से इंतजार करते हैं। अपने अब तक के करियर में वह कई शानदार फिल्मों का हिस्सा रही है। इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने फैंस के साथ जुड़ी रहती हैं और अपने काम और निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारियां साझा करती रहती हैं। हाल में ही उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बहुचर्चित फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' की समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन की काफी तारीफ की है।
apka Apna Zakir: दर्शकों को गुदगुदाने वापस आ रहे हैं जाकिर खान, अब इस कॉमेडी शो में सुनाएंगे दिलचस्प किस्से
विज्ञापन
अमिताभ को बताया खुद एक सिनेमैटिक यूनिवर्स
इस वक्त पूरे देश में 'कल्कि 2898 एडी' को लेकर चर्चा हो रही है। ऐसे में श्रद्धा कपूर भी इस फिल्म को देखे बिना नहीं रह पायीं और फिल्म देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा,' क्या उत्तर, क्या दक्षिण, क्या पूर्व, क्या पश्चिम। सारा सिनेमा एक तरफ।' अगली स्लाइड में उन्होंने फिल्म से बिग बी की एक तस्वीर साझा करते हुए आग और सैल्यूट इमोजी के साथ लिखा, 'अमिताभ बच्चन एक तरफ।' इसके अलावा पोस्ट के कैप्शन में अभिनेत्री ने अमिताभ बच्चन को टैग करते हुए लिखा,'आप अपने आप में ही एक सिनेमैटिक यूनिवर्स हैं।' उनके पोस्ट से जाहिर है कि फिल्म में अमिताभ बच्चन के अभिनय ने उनका दिल जीत लिया है।