कन्नड़ सीरियल के जाने माने निर्देशक विनोद वी ढोंडले ने अपनी पहली फिल्म के बढ़ते बजट और इसके लिए लिए गए तीन करोड़ रुपये के पर्सनल लोन से कथित तौर पर परेशान होकर 20 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। फिल्म के उनके पार्टनर और निर्माता वर्धन हरि ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि वह वित्तीय समस्याओं में फंस गए थे, क्योंकि फिल्म की शूटिंग के दिनों की संख्या मूल रूप से तय किए गए दिनों से दोगुनी हो गई थी।
वर्धन हरि ने किया खुलासा
उन्होंने कहा, "अशोका ब्लेड 1970 के दशक में सेट एक सामाजिक ड्रामा फिल्म है। इसे टी के दयानंद ने लिखा है और इसमें अभिनेता सतीश निनासम हैं। यह विनोद वी ढोंडलेका ड्रीम प्रोजेक्ट था। हमने मई 2023 में शूटिंग शुरू की थी। मूल रूप से हमने 45 दिनों की योजना बनाई थी, लेकिन इसकी शूटिंग 87 दिनों तक चली। हमारा मूल बजट लगभग डेढ़ करोड़ रुपये था, लेकिन हम इससे कई गुना ज्यादा खर्च कर गए। हमें कुछ सीन के साथ-साथ एक गाने और एक फाइट सीक्वंस को फिर से शूट करने की जरूरत पड़ गई थी। इन सबके लिए और अधिक पैसों की आवश्यकता थी।"
90 प्रतिशत शूटिंग हो गई थी पूरी
वहीं, सतीश निनासम ने कहा कि उन्हें इस तरह के घटनाक्रम की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा, "फिल्म 90% पूरी हो चुकी है। हमने हाल ही में एक चर्चा की और हमने अगले महीने बाकी हिस्सों की शूटिंग करने का फैसला किया। इसमें हमें 20 से 25 दिन और लग जाते। यह बहुत दुखद है। विनोद एक बेहतरीन इंसान थे।"
जरूरत से ज्यादा फिल्म पर पैसे हो गए थे खर्च
वर्धन हरि के मुताबिक 19 जुलाई की रात को एक अन्य निर्माता से मिलने के बाद उन्होंने विनोद को घर छोड़ा था। वह निर्माता मदद करने के लिए तैयार थे। इसलिए जब हरि वापस लौटे तो विनोद राहत महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा "वह इसलिए परेशान थे, क्योंकि हमने पहले ही बहुत पैसा खर्च कर दिया था। फिल्म से उन्हें बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन इसकी शूटिंग को आगे बढ़ाने के लिए पैसों की कमी उन्हें बहुत परेशान कर रही थी, लेकिन हमने एक समाधान खोज लिया था। इसके लिए ऐसा एक व्यक्ति बाकी की शूटिंग पूरी करने में हमारी मदद करने के लिए तैयार था। मुझे उम्मीद नहीं थी कि अगली सुबह ही उनकी मौत की खबर सुनने को मिलेगी। बता दें कि हरि और विनोद पिछले 22 साल से अधिक समय एक दूसरे के साथ काम किया था। इस दौरान दोनों ने कई टीवी धारावाहिकों का निर्माण किया। विनोद को अपने टीवी धारावाहिकों 'करीमनी' और 'शांतम पापम' के लिए जाना जाता है।
Rahool Mukherjee: राहुल मुखर्जी पर लगा नियमों के उल्लंघन का आरोप, तीन महीने तक नहीं कर पाएंगे शूटिंग