शबाना आजमी से शादी करने से पहले जावेद अख्तर ने हनी ईरानी के संग शादी रचाई थी। हनी और जावेद फरहान अख्तर और जोया अख्तर के माता-पिता हैं। हाल ही में शबाना आजमी ने एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं हनी ईरानी की काफी इज्जत करती हूं। वे एक सुलझी हुई महिला हैं'।
बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा शबाना आजमी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक क्लासिक फिल्में देने वाली शबाना जावेद अख्तर की पत्नी हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान वे अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बातें करती नजर आईं। साथ ही साथ उन्होंने जावेद अख्तर की पहली पत्नी हनी ईरानी की तारीफ करती दिखीं।
विज्ञापन
हनी एक सुलझी महिला हैं
शबाना आजमी से शादी करने से पहले जावेद अख्तर ने हनी ईरानी के संग शादी रचाई थी। हनी और जावेद फरहान अख्तर और जोया अख्तर के माता-पिता हैं। हाल ही में शबाना आजमी ने एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं हनी ईरानी की काफी इज्जत करती हूं। वे एक सुलझी हुई महिला हैं। जब मैं शादी करके आई थी तब फरहान और जोया छोटे-छोटे थे, लेकिन उन्होंने कभी भी दोनों को हमारे खिलाफ कुछ भी नहीं कहा। बच्चे हमारे पास आते थे और हम साथ में एक परिवार की तरह रहते थे'।
शबाना के दोस्त हैं जोया और फरहान
शबाना आजमी अपनी बातें जारी रखते हुए कहती हैं, 'बचपन से ही फरहान और जोया ने मेरे साथ काफी समय बिताया है। वे अक्सर मेरे साथ रहने आते थे। धीरे-धीरे दोनों मेरे दोस्त बन गए। मैं आज इस बात को दावे के साथ कह सकती हूं फरहान और जोया अपने पिता से ज्यादा सहज मेरे साथ होते हैं और मुझे इस बात की काफी खुशी है। इस रिश्ते के लिए मैं हनी की शुक्रगुजार हूं। वे चाहती तो बच्चे मुझसे दूर हो जाते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया'।
हनी दोस्त जैसी हैं
शबाना आजमी अपनी शादी की शुरूआती दिनों को याद करते हुए कहती हैं, 'जब मैं शादी करके आई थी तब कुछ दिनों के लिए हनी के मन में थोड़ी कड़वाहट जरूर थी, लेकिन तब मैंने कुछ भी नहीं बोला। धीरे-धीरे हमारे बीच दोस्ती का रिश्ता पनपने लगा। आज भी अगर हनी को किसी भी चीज की जरूरत होगी और अगर वे आधी रात को भी कॉल करेंगी तो जावेद उनकी मदद के लिए एक पल भी नहीं सोचेंगे। हम तीनों एक-दूसरे का ख्याल रखते हैं और हमारे रिश्ते की सबसे सुंदर बात यही है।