बॉलीवुड के मशहूर अदाकार सायरा बानो आज अपना 80वां जन्मदिन मान रही हैं। इस मौके पर उन्होंने दिवंगत अभिनेता और अपने पति दिलीप कुमार से मिले सबसे अनमोल उपहार को याद किया। उन्होंने कहा कि यह उनके द्वारा दी गई एक प्रशंसा थी, जिसने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। अभिनेत्री ने एक बातचीत में कहा, 'मुझे अब तक मिला सबसे कीमती तोहफा, दिलीप कुमार की ओर से दिल से की गई तारीफ है, जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।'
सायरा बानो ने याद कर बताया, 'एक शाम दिलीप कुमार मेरे पास आए। मेरा हाथ पकड़ा और कहा कि अरे तुम बड़ी होकर बेहद खूबसूरत बन गई हो। बस यहीं समय थम गया। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी खूबसूरत प्रेम कहानी की शुरुआत थी।' उन्होंने कहा, 'बड़े होते हुए जन्मदिन हमेशा खास होते थे। इसका श्रेय मेरी दादी शमशाद वहीद खान, मेरी प्यारी मां परी चेहरा नसीम बानूजी और मेरे बड़े भाई सुल्तान के मार्गदर्शन को जाता है। उनसे मुझे भरपूर प्यार और सहयोग मिला। उनके आशीर्वाद और संस्कारों ने मुझे आज जो व्यक्ति बनाया, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।'
सायरा बानो ने 1966 में अपने जन्मदिन के जश्न को याद करते हुए कहा, '23 अगस्त, 1966 को मैंने अपना जन्मदिन मनाया और अपने नए घर का गृह प्रवेश किया, जिसे सोच-समझकर चुना गया था। इसे दिलीप साहब के घर के पास बनाया गया था। कई विकल्पों में से हमने उनके करीब रहने के लिए इस स्थान को चुना, जिससे अनजाने में ही हमारे भविष्य का मार्ग खुल जाए।' अभिनेत्री ने कहा, 'उनके शब्दों ने एक ऐसा बंधन पैदा किया जो जीवन भर कायम रहेगा।'
अभिनेत्री ने आगे कहा, 'मैं उनकी फैन से लेकर पत्नी तक उनके कई पहलुओं का अनुभव करने के लिए भाग्यशाली रही हूं। उनकी सादगी और दयालुता ने मेरे दिल को ऐसे छुआ है जिसके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था। शुक्रवार को अपने 80वें जन्मदिन पर उन्हें अपने पति की याद आ रही है।' उन्होंने कहा कि आज अपने 80वें जन्मदिन पर उन्हें दिलीप कुमार की याद आ रही है।