राजीव खंडेलवाल बॉलीवुड इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता हैं। अभिनेता जल्द ही करण जौहर निर्देशित सीरीज में अभिनय करते नजर आएंगे, जिसका टाइटल 'शोटाइम' है। हाल ही में, सीरीज 'शोटाइम' का ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसे दर्शकों से सरहाना मिली। सीरीज में राजीव खंडेलवाल, अरमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में, एक बातचीत के दौरान राजीव ने सीरीज की कहानी और किरदारों के बारे में बात की। साथ ही, उन्होंने अपने किरदार से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए।
'शोटाइम' की कहानी के बारे में की बात
'शोटाइम' के किरदार को लेकर राजीव ने कहा, 'मैं कभी भी अरमान के किरदार से खुद को जोड़ नहीं पाया हूं। मैं बहुत अलग इंसान हूं, इसलिए यदि आप मेरे करियर ग्राफ या मेरी पसंद को देखेंगे, तो आपको एहसास होगा कि मैं उन कलाकारों में से नहीं हूं। लेकिन हां, मैं जिस तरह के अभिनेता का किरदार निभा रहा हूं, वे हर जगह मौजूद हैं। इन कलाकारों के किस्से आप हर वक्त सुनते रहते हैं। यह सीरीज उसी का ही एक मिश्रण है।'
यह भी पढ़े: Taylor Swift: टेलर स्विफ्ट ने की चीफ्स विक्ट्री परेड में मारी गई महिला के परिवार की मदद, दान किए 100000 डॉलर
सुपरस्टार की भूमिका में दिखेंगे राजीव
उन्होंने आगे कहा, 'इस सीरीज में कई कलाकार की कहानी को दिखाया जाएगा। हालांकि, मैं उनका नाम नहीं लूंगा, लेकिन मुझे यकीन है कि सीरीज देखकर आपको उनमें से कुछ की याद जरूर आएगी। इन सुपरस्टार्स को हमने अतीत में देखा है।' वेब सीरीज शोटाइम में इमरान हाशमी को दूसरी पीढ़ी के फिल्म निर्माता के रूप में दिखाया गया है, जिनका महिमा मकवाना के किरदार के साथ मतभेद में है। महिमा एक नई कलाकार हैं, जो इंडस्ट्री में कदम जमाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन शोबिज के खिलाड़ी इमरान हाशमी के साथ उनका मुकाबला है। इस बीच, शो में सुपरस्टार की भूमिका निभा रहे राजीव खंडेलवाल उन्हें एहसास दिलाते हैं कि इंडस्ट्री में ताकत 'स्टार' के हाथों में है।
'शोटाइम' की स्टार कास्ट
डिज्नी प्लस हॉटस्टार की नई सीरीज 'शो टाइम' में सिनेमा की दुनिया के अनदेखे और कैमरे पर बोले जाने वाले झूठ का सच दिखाया जाएगा। इसमें अरबों की बॉलीवुड इंडस्ट्री की एक छोटी सी झलक है, जो नेपोटिज्म और इंडस्ट्री में सत्ता संघर्ष की कहानी पर आधारित है। इस शो का निर्माण करण जौहर ने किया है। वहीं, यह सीरीज मिहिर देसाई और अर्चित कुमार के निर्देशन में बनी है। इस सीरीज में इमरान हाशमी के अलावा महिमा मकवाना, मौनी रॉय, नसीरुद्दीन शाह, राजीव खंडेलवाल, श्रिया सरन और विजय राज की मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिनेता इमरान हाशमी फिल्म निर्माता की भूमिका निभा रहे हैं। 'शोटाइम' का प्रीमियर आधिकारिक तौर पर आठ मार्च, 2024 को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर होगा।
यह भी पढ़े: Aditya Dhar: 'कोई नहीं चाहता था 'उरी' में विक्की को कास्ट करना, लोगों ने इसे बताई थी गलती', आदित्य का खुलासा