कान फिल्म महोत्सव में एक विशेष कार्यक्रम में अकादमी पुरस्कार विजेता निर्माता गुनीत मोंगा कपूर ने भारतीय फिल्म उद्योग में लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसका मुख्य उद्देश्य फिल्म उद्योग में महिलाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना है।
कान फिल्म महोत्सव में अकादमी पुरस्कार विजेता निर्माता गुनीत मोंगा कपूर और वीमेन इन फिल्म लॉस एंजिल्स (डब्ल्यूआईएफ) ने भारत में महिला फिल्म निर्माताओं का समर्थन करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पेरिस फिल्म क्षेत्र और डब्ल्यूआईएफ द्वारा आयोजित एक विशेष कान फिल्म फेस्टिवल कार्यक्रम में एक नए ‘वीमेन इन फिल्म चैप्टर’ के आधिकारिक लॉन्च की घोषणा की गई। यह पहल वीमेन इन फिल्म एंड टेलीविजन इंटरनेशनल नेटवर्क का हिस्सा है, जो भारतीय फिल्म उद्योग में लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा। इसका नेतृत्व अकादमी पुरस्कार विजेता और भारतीय निर्माता गुनीत मोंगा कपूर करेंगी।
फिल्म उद्योग में समानता के लिए काम करेगा डब्ल्यूआईएफ
‘डब्ल्यूआईएफ भारत’ का लक्ष्य भारतीय फिल्म उद्योग में करियर की तलाश करने वाली महिलाओं के लिए समानता और बेहतर अवसर प्रदान करना होगा। इसके लिए उद्योग के प्रमुख लोगों के एक सलाहकार परिषद को इकट्ठा किया जाएगा, जो महिला फिल्म निर्माताओं के लिए अनुसंधान, परामर्श और रचनात्मक प्रयोगशालाओं का समर्थन करेंगे।
MAMI 2024: मुंबई में साल के सबसे बड़े फिल्मी मेले की तैयारी, देर न करें फिल्म जमा करने की आखिरी तारीख ये है
प्रमुख पदों पर केवल 12 प्रतिशत महिलाएं
गुनीत मोंगा कपूर ने कहा, कई जगहों पर पुरुष सहकर्मियों को मेरी ओर से बात करना पड़ा है ताकि मुझे गंभीरता से लिया जा सके। अंतर्राष्ट्रीय सह-निर्माण और स्टूडियो-स्तरीय परियोजनाओं का नेतृत्व करने तक, मैंने देखा है और इसमें सक्रिय रूप से शामिल रही हूं। दो दशकों में हुई प्रगति को भी मैंने देखा है और उसका हिस्सा भी रही हूं, लेकिन फिर भी 'ओ वुमनिया' 2023 की रिपोर्ट फिल्म निर्माण विभागों में लैंगिक विविधता की कमी को बताती है। 56 फिल्मों के अध्ययन से पता चला कि विभाग प्रमुख के केवल 12 प्रतिशत पदों पर महिलाएं थीं।’
वह आगे कहती हैं कि अपने 50 वर्षों में ‘डब्ल्यूआईएफ’ ने उभरती महिला रचनाकारों की पाइपलाइन बनाने में मदद करके हॉलीवुड में बदलाव लाने के लिए काम किया है। उन्हें उम्मीद है कि वह भारत में भी फिल्म उद्योग में मेंटरशिप, नेटवर्किंग और फेलोशिप, वर्कशॉप के जरिए उद्योग में करियर तलाशने वाली महिलाओं के लिए समानता और अवसर पैदा कर सकेंगी।
क्या है ‘डब्ल्यूआईएफ’?
‘वुमेन इन फिल्म’ की स्थापना 1973 में हुई थी। ‘डब्ल्यूआईएफ’ पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से फिल्म उद्योग में लैंगिक समानता के लिए लड़ रहा है। इसकी सदस्यता सभी स्क्रीन उद्योग पेशेवरों के लिए खुली है। डब्ल्यूआईएफ का नेतृत्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्स्टन शेफर और निदेशक मंडल की अध्यक्ष एमी बेयर द्वारा किया जाता है।
जब पैपराजी पर भड़के थे सैफ- 'हमारे बेडरूम में आ जाइए'